Logo
सौरभ भारद्वाज ने खुलासा किया कि विकासपुरी में अरविंद केजरीवाल पर भाजपा के युवा मोर्चा के सदस्यों ने हमला किया। इस हमले में शामिल दो प्रमुख आरोपियों का नाम रोहित सहरावत और अरुण दराल है।

AAP Neta Saurabh Bhardwaj: शुक्रवार को विकासपुरी में हो रही पदयात्रा के दौरान अरविंद केजरीवाल पर हुए हमले को लेकर आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने बड़ा खुलासा किया। जिसमें अरविंद केजरीवाल पर भाजपा के युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने हमला किया है। इसमें घटना में पहले हमलावर का नाम रोहित सेहरावत है, जो भाजपा युवा मोर्चा दिल्ली प्रदेश का उपाध्यक्ष है। दूसरे हमलावर का नाम अरुण दराल है, जो भाजपा युवा मोर्चा दिल्ली प्रदेश का जनरल सेक्रेटरी है। भारद्वाज ने सोशल मीडिया का हवाला देते हुए इनके नाम का खुलासा किया है। 

भाजपा को भी केजरीवाल पर हमले की करनी चाहिए कड़ी निंदा

सौरभ भारद्वाज ने इस हमले को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस के अधिकारी इन असामाजिक तत्वों के सामने हाथ जोड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा पार्टी चुनाव हारती है, तो वह दूसरी पार्टी के नेताओं पर हमले करवाने लगती है।

 उन्होंने भाजपा को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें केजरीवाल पर इस प्रकार के हमले की कड़ी निंदा करनी चाहिए थी, लेकिन भाजपा के नेता जैसे विजेंद्र गुप्ता और वीरेंद्र सचदेवा इसे सही ठहरा रहे हैं। वहीं, केजरीवाल पर हमला करने वाले बीजेपी की तरफ से पार्षद का चुनाव हार चुके हैं।

सीएम आतिशी ने मामले को लेकर कहा, माला पहनाने के बहाने हुआ हमला

आतिशी ने इस हमले के संबंध में बताते हुए कहा कि पदयात्रा के दौरान भाजपा के कुछ कार्यकर्ता माला पहनाने के बहाने सामने आए और फिर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन पर हमला किया। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि अगर भाजपा के कार्यकर्ताओं के पास हथियार होते, तो इस हमले में केजरीवाल की जान भी जा सकती थी। आतिशी ने स्पष्ट किया कि यह हमला भाजपा ने ही करवाया है, क्योंकि इससे पहले भी भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा केजरीवाल पर हमले किए गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक बार भी दिल्ली पुलिस ने ऐसे हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। 

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में पदयात्रा के दौरान अरविंद केजरीवाल पर हमला, मनीष सिसोदिया ने BJP पर लगाया ये गंभीर आरोप

आप कर रही ड्रामा 

उधर, भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना को आम आदमी पार्टी का ड्रामा करार दिया था। उन्होंने कहा था कि अरविंद केजरीवाल ने जिस तरह से दिल्ली को बर्बाद किया है, उससे लोगों में खासा गुस्सा है। उन्होंने कहा कि वे अपनी गलतियों से सीखने की बजाए दूसरों को जिम्मेदार ठहराने लगते हैं।  

5379487