Delhi: दिल्ली में रह रहे बेसहारा बुजुर्गों को जल्द ही विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस पांचवां वृद्धाश्रम मिल जाएगा। केजरीवाल सरकार ने पश्चिम विहार में सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस दिल्ली का पांचवें वृद्धाश्रम का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया है। सावित्रीबाई फुले नामक इस वृद्धाश्रम को जल्द ही बेसहारा बुजुर्गों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। 96 बुजुर्गों के रहने की क्षमता वाले इस होम का औपचारिक रूप से संचालन के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी मंजूरी दे दी है और अब फाइल एलजी के पास भेजी गई है। बता दें कि दिल्ली में अभी चार वृद्धाश्रम संचालित हो रहे हैं, जहां 505 बेसहारा बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था है।

सीएम केजरीवाल के दिशा-निर्देशन में दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा पश्चिम विहार में यह पांचवां वृद्धाश्रम बनाया जा रहा है। सरकार द्वारा वृद्धाश्रम में रहने वाले बेसहारा बुजुर्गों के लिए सभी आधुनिक सुविधाओं का इंतजाम किया जा रहा है। समाज कल्याण मंत्री द्वारा इस वृद्धाश्रम का नाम सावित्रीबाई फुले सीनियर सिटीजन होम दिया गया है। यहां पर 96 बेसहारा बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था की जा रही है।

मनोरंजन के लिए टीवी, रेडियो और किताबें भी होंगी उपलब्ध

इस वृद्धाश्रम के निर्माण में बुजुर्गों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है। इस वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को निशुल्क आवास, भोजन, कपड़े, बिस्तर की सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही, बुजुर्गों के मनोरंजन के लिए टीवी, रेडियो और किताबें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम में एक मनोरंजन केंद्र होगा। इसके अलावा, बुजुर्गों के स्वास्थ्य का भी भरपूर ख्याल रखा जाएगा। उनकी देखभाल के लिए डॉक्टर और फिजियोथेरेपी समेत अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। समाज कल्याण विभाग ने सावित्रीबाई फुले वृद्धाश्रम का औपचारिक रूप से संचालन के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल ने अनुमति मांगी थी, जिसे उन्होंने मंजूरी दे दी है।

पहले से दिल्ली में चल रहे चार ओल्ड एज होम

दिल्ली में अभी कुल 4 वृद्धाश्रमों का संचालन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। पहला वृद्धाश्रम साउथ-वेस्ट जिला के बिंदापुर में 1974 में निर्मित किया गया था, जहां 52 बेसहारा बुजुर्गों के रहने की क्षमता है। दूसरा वृद्धाश्रम नॉर्थ दिल्ली स्थित अशोक विहार में ज्योतिबा फुले वृद्धाश्रम 2019 में शुरू हुआ, जिसमें 36 बुजुर्गों के रहने की क्षमता है। तीसरा डॉ. बी.आर. अंबेडकर वृद्धाश्रम पूर्वी दिल्ली के कांति नगर में संचालित हो रहा है, जहां 117 लोगों के रहने की व्यवस्था है, जबकि चौथा वृद्धाश्रम ताहिरपुर में संचालित हो रहा है, जहां 300 बुजुर्गों को रहने के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। कांति नगर और ताहिरपुर में वृद्धाश्रम की शुरुआत 2022 में की गई थी।