Delhi Shootout Cases: 10 दिनों में 11 शूटआउट और 7 मर्डर से दहली दिल्ली, गोलियों की तड़तड़ाहट से कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

Delhi Crime News: दिल्ली में 10 दिनों के अंदर आठ जगहों पर शूटआउट के मामले सामने आए हैं। इनमें छह लोगों की जान चली गई है। ये सभी वारदातें रंगदारी और पैसों के लेनदेन के कारण हुई हैं। इन वारदातों के बाद इन इलाकों में दहशत देखने को मिली। लोग और राजनीतिक पार्टियां दिल्ली की कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। आइए बात करते हैं दिल्ली में 10 दिनों में घटित हुई इन वारदातों की...
10 दिन, 11 शूटआउट और 7 हत्याएं
31 अक्टूबर यानी दिवाली के दिन शाहदरा इलाके में चाचा भतीजे के डबल मर्डर को अंजाम दिया गया। 02 नवंबर को शाहदरा में ही एक अन्य युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद 04 नवंबर को सोनिया विहार इलाके में गोली मारकर एक युवक की हत्या हुई और नागलोई और अलीपुर में कारोबारियों के कार्यालयों पर गोलीबारी को अंजाम दिया गया। 06 नवंबर को छावला में मारुति वर्कशॉप पर और मीरा बाग में गोलीबारी की गई।
इसके बाद 8 नवंबर को दिल्ली के कबीर नगर इलाके में नदीम नाम के युवक की गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई और दिल्ली के ज्योतिनगर इलाके में भी गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में दहशत का माहौल रहा। इसके अलावा 09 नवंबर को एक बार फिर दिल्ली में गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। इस दौरान दिल्ली के मुंडका में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके अलावा 10 नवंबर को दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में 20 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- 31 अक्टूबर- शाहदरा (आकाश और ऋषभ डबल मर्डर केस)
- 02 नवंबर- शाहदरा (सूफियान मर्डर केस)
- 04 नवंबर- सोनिया विहार (हेमंत मर्डर केस)
- 04 नवंबर- नागलोई और अलीपुर में गोलीबारी
- 06 नवंबर- छावला और मीरा बाग में गोलीबारी
- 08 नवंबर- कबीर नगर (नदीम मर्डर केस)
- 08 नवंबर- ज्योतिनगर में गोलीबारी)
- 09 नवंबर- मुंडका (अमित मर्डर केस)
- 10 नवंबर- मुकुंदपुर (रंगीला मर्डर केस)
शाहदरा में चाचा-भतीजा डबल मर्डर केस
दिल्ली के शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में 31 अक्टूबर यानी दिवाली की रात घर से बाहर पटाखे चला रहे चाचा आकाश और भतीजे ऋषभ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को अंजाम देने के लिए दस लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर लिया और शूटर की तलाश की जा रही है।
शाहदरा में 20 वर्षीय सूफियान की गोली मारकर हत्या
02 नवंबर को शाहदरा जिले के गांधीनगर गली नंबर आठ में 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम सूफियान था और उसके दोस्तों ने ही मामूली बात पर उसकी हत्या कर दी। मृतक के पिता का कहना है कि सूफियान अपने सिर पर टोपी पहनता थी, जो उसका दोस्त सनम ले गया था। सूफियान अपनी टोपी मांग रहा था और इसी कारण दोस्तों के साथ हाथापाई हुई। इसके बाद सनम ने अपने दूसरे दोस्तों के साथ मिलकर सूफियान की हत्या कर दी।
अलीपुर, नांगलोई गोलीबारी और सोनिया विहार में एक की गोली लगने से मौत
04 नवंबर को नांगलोई में प्लाईवूड शोरूम और अलीपुर में डीलर के कार्यालय पर ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर आई। इसमें गोगी गिरोह के गैंगस्टर अंकेश लाकड़ा का नाम सामने आया था। इसके अलावा 04 नवंबर को सोनिया विहार इलाके में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। सोनिया विहार इलाके में भैया दूज मनाने ससुराल आए दो साढ़ू कारोबार को लेकर आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि एक साढ़ू ने दूसरे पर गोली चला दी। इस घटना में 35 वर्षीय हेमंत की मौत हो गई।
06 नवंबर को छावला और मीरा बाग में गोलीबारी
06 नवंबर को दिल्ली के छावला इलाके में मारुति वर्कशॉप पर फायरिंग की। शाम करीब चार बजे 7-8 राउंड फायरिंग की गई। इसके अलावा दोपहर लगभग 2.30 बजे पश्चिमी दिल्ली के मीरा बाग में एक दुकान पर फायरिंग की गई। जबरदस्ती वसूली मांगने को लेकर इन वारदातों को अंजाम दिया गया।
08 नवंबर वेलकम के कबीर नगर और ज्योति नगर में गोलीबारी
08 नवंबर की रात उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना वेलकम अंतर्गत तीन दोस्त स्कूटी से अपने घर खाना लेने के लिए जा रहे थे। फैक्ट्री से कुछ दूरी पर बाइक सवार दो युवकों ने गोलीबारी कर दी। इसमें नदीम नाम के युवक की मौत हो गई थी और एक लड़का घायल हो गया था। इस घटना के घटित होने के लगभग 10 मिनट बाद उन्हीं बदमाशों ने ज्योति नगर इलाके में दूध की डेयरी चलाने वाले राहुल के घर पर फायरिंग की। बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग की थी।
09 नवंबर को मुंडका में अमित की गोली मारकर हत्या
इसके बाद 09 नवंबर को बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने अमित नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने 6 राउंड फायरिंग की थी। अमित कुछ दिन पहले ही तिहाड़ जेल से रिहा हुआ है।
10 नवंबर को मुकुंदपुर में गोली मारकर रंगीला की हत्या
इसके अलावा 10 नवंबर को दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में 20 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रंगीला के रूप में की गई है। कहा जा रहा है कि मृतक अपने घर के बाहर खड़ा था और चार-पांच लोगों से बात कर रहा था। इसी बीच उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि इन्हीं में से एक शख्स ने गोली मारकर रंगीला की हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें: मुकुंदपुर इलाके में 20 साल के युवक की गोली मारकर हत्या, ये बताई जा रही वजह
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS