Swati Maliwal Case: आम आदमी पार्टी (AAP) की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व पीए बिभव कुमार को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। बिभव कुमार को जांच के लिए मुंबई ले जाया जा रहा है।

बिभव कुमार को मुंबई ले जा रही दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस आप सांसद से जुड़े मारपीट मामले में बिभव कुमार को मुंबई ले जा रही है। आज मंगलवार को बिभव कुमार को दिल्ली हवाई अड्डे पर ले जाते देखा गया। पुलिस ने बिभव को जांच के लिए मुंबई ले जाने को लेकर कोर्ट से परमिशन ली थी। दिल्ली पुलिस ने तीस हजारी कोर्ट में कहा था कि वह बिभव कुमार को मुंबई में उस जगह ले जाएंगे जहां उन्होंने अपना फोन फॉर्मेट किया था। यह घटनाक्रम चल रही जांच में एक महत्वपूर्ण मोड़ है, इससे कई राज भी बाहर आने की संभावना है।

बिभव ने मुंबई में किया था फोन फॉर्मेट

पुलिस के मुताबिक, बिभव ने मुंबई में अपना फोन फॉर्मेट किया था। ऐसे में पुलिस वहां बिभव के फोन से मिटाए गए डेटा को रिर्टीव (दोबारा हासिल) करने के साथ ही यह भी पता लगाएगी कि मुंबई में वह किन-किन लोगों से मिले और उनसे क्या-क्या बात हुई।

दिल्ली सरकार के मंत्री झूठ फैला रहे हैं- स्वाति मालीवाल

स्वाति मालीवाल ने सोमवार यानी 20 मई को आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के मंत्री उनके बारे में झूठ फैला रहे हैं और उन्हें अदालत में ले जाने की धमकी दी। मालीवाल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने आप नेताओं के आरोपों का खंडन किया कि उन्होंने भाजपा के इशारे पर बिभव कुमार के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई।

क्या है स्वाति मालीवाल मारपीट केस

बता दें कि राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने बिभव कुमार पर 13 मई को सिविल लाइंस स्थित सीएम केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। स्वाति मालीवाल से मारपीट करने के आरोप में बिभव कुमार दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं। 18 मई को तीस हजारी कोर्ट ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। उन्हें शनिवार यानी 18 मई दोपहर को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस स्टेशन में पूछताछ के बाद शाम को अरेस्ट कर लिया गया था। तीस हजारी कोर्ट में उन्होंने अंतरिम जमानत याचिका भी दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था।