Logo
Delhi Weather Update: दिल्ली में बारिश का दौर अब थम चुका है। आज सुबह धूप खिलने से लोगों को सर्दी का अहसास नहीं हुआ है।

Delhi Weather Update: दिल्ली एनसीआर में आज सुबह ही हल्की धूप खिलने से लोगों को सर्दी का अहसास नहीं हुआ। अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। अगर आज के मौसम की बात करें, तो दिल्ली में 6 से 11 फरवरी तक दिन का न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो औसत से काफी कम है। 

बुधवार से चलेंगी ठंडी हवाएं 

मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी, जोकि अपने साथ पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की ठंडक भी दिल्ली तक लेकर आएगी। सोमवार की सुबह दिल्ली में हल्का कोहरा देखने को मिला था। लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ कोहरा साफ हो गया और धूप खिल गई। मगर बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी लगातार बनी रही। इसलिए तापमान में भी ज्यादा वृद्धि नहीं हुई। 

आज कितना तापमान रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी मंगलवार सुबह के वक्त हल्का कोहरा होगा। जबकि दिन के समय आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान 12 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

फरवरी महीने में हुई बारिश से टूटा रिकॉर्ड

इस बार फरवरी के महीने में पांच दिन में इतनी बारिश हो चुकी है, जो पिछले दस सालों में इस पूरे महीने में नहीं हुई है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फरवरी के मौसम में क्लाइमेट चेंज का असर साफ दिखाई दे रहा है। साल 2022 और 2023 में फरवरी और मार्च का महीना काफी गर्म रहा। मगर इस बार दिल्ली के लोगों के लिए फरवरी में भी सर्दी बरकरार है। 

दिल्ली में कितना तापमान रहा 

दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर 98 से 61 प्रतिशत तक रहा। 

5379487