Logo

Delhi Crime News: पश्चिमी जिले की कीर्ति नगर पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम जतिन पाहवा और अश्मित लांबा है। दोनों सिर्फ ड्रग्स के लिए वाहन चोरी करते थे। इन्हें चैकिंग के वक्त पकड़ा गया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की चार स्कूटी और एक बैग बरामद किया है। आरोपियों के पकड़े जाने पर पुलिस ने 11 मामले सुलझाने का दावा किया है।

पुलिस ने दी ये जानकारी

डीसीपी वेस्ट विचित्र वीर ने बताया कि दोनों युवकों को मानसरोवर गार्डन एरिया में अलग अलग स्कूटी के साथ पकड़ा गया। इनके पास से मिली स्कूटी कीर्ति नगर और मोती नगर क्षेत्र से चुराई गई थी। पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक विदेशी नागरिक विक्टर से हेरोइन लेने के लिए ही वाहन चोरी करते थे।

चोरी के वाहन देकर लेते थे ड्रग्स

वह चोरी की स्कूटी विक्टर को देकर उससे छह से 10 ग्राम हेरोइन लेते थे। जतिन शारदा पुरी, रमेश नगर का रहने वाला है। उसने डीयू के अग्रसेन कॉलेज से बीबीए की है। वह एक फार्मास्युटिकल कंपनी के लिए एमआर का काम कर चुका है। कोरोना के दौरान उसकी नौकरी छूट गई थी।

इसके बाद वह गलत संगत में पड़ नशे का सेवन करने लगा। वह एनडीपीएस एक्ट के केस में एक बार हिमाचल प्रदेश में अरेस्ट भी हो चुका है। दूसरा आरोपी 12वीं की पढाई बीच में ही छोड़ चुका है। एक असफल रिश्ते के बाद उसने ड्रग्स लेना शुरू कर दिया था। पुलिस दोनों आरोपी से गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस दोनों से पूछताछ कर इनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।