Weather Update: देश के लगभग आधे हिस्से में मानसून दस्तक दे चुका है। दिल्ली और हरियाणा में लोगों गर्मी मिल गई है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को कई इलाकों में हवाओं के साथ हल्की बारिश ने लोगों को राहत दी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से तापमान गिर कर 40 डिग्री के नीचे आ गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में आज मंगलवार को बारिश होने की संभावना है। वहीं, हरियाणा में भी कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे। प्रदेश में सोमवार को हुई प्री मानसून की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।

दिल्ली का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज मंगलवार को भी बारिश की संभावना है। दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली में इस पूरे हफ्ते मौसम सुहावना बना रहेगा और बीच-बीच में बारिश होने के भी आसार हैं।

दिल्ली में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 29 जून बताई जा रही है। हालांकि, दिल्ली में 29 जून तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मानसून को लेकर किसी तरह की देरी के आसार भी नहीं बताए गए हैं।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी सोमवार को कई हिस्सों में दिनभर भर बादल छाए रहे और बारिश भी हुई। जिससे लोगों को उमस से भी राहत मिली। मौसम विभाग ने आज मंगलवार को हरियाणा के 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं, कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से 41 डिग्री के करीब रहा। वहीं, जून माह के अंत में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। प्री-मानसून गतिविधियां नजर आने लगी हैं, जिससे जल्द हल्की बरसात या बूंदाबांदी की संभावनाएं बढ़ने लगी हैं।

हरियाणा में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाएं चलने से प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। इससे दक्षिणी हरियाणा और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में बरसात की संभावनाएं बन रही हैं। इस सप्ताह मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिलेगा। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इसके अलावा प्रदेश में इस माह के अंत तक मानसून दस्तक दे देगा।