Delhi Police Constable Taking Bribe: विजिलेंस टीम ने वसंत कुंज साउथ थाने के कांस्टेबल को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिसकर्मी के खिलाफ एक महिला ने हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। रिश्वत निर्माण कार्य के एवज में मांगी गई थी।

50 हजार की रिश्वत लेते कांस्टेबल गिरफ्तार

विजिलेंस विभाग की तरफ से बताया गया कि 9 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस की सतर्कता हेल्पलाइन पर एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें एक महिला ने बताया कि रंगपुरी पहाड़ी क्षेत्र में घर के निर्माण कार्य शुरू करने पर स्थानीय बीट स्टाफ काम जारी रखने की अनुमति देने के लिए रुपयों की मांग कर रहा है।

विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथ दबोचा

महिला ने सिपाही अमित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। महिला की शिकायत को पहले पुलिस टीम ने वेरीफाई किया और फिर सिपाही को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। आरोपी पुलिसकर्मी ने रिश्वत की पहली किस्त के लिए जो जगह मुकर्रर की थी वहां पर पहले से ही सादी वर्दी में विजिलेंस की टीम तैनात हो गई।

सिपाही ने जैसे ही रुपये पकड़े उसे दबोच लिया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत विजिलेंस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर अरेस्ट किया गया। बाद में आरोपी पुलिसकर्मी को विशेष अदालत, राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली में खाकी शर्मसार: 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया इंस्पेक्टर, CBI ने किया गिरफ्तार