Logo
भारतीय पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया आज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कुश्ती के बाद दोनों पहलवान अब सियासत के अखाडे़ में उतरने के लिए तैयार है।

Assembly Election 2024 : भारतीय पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phohat) और बजरंग पुनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए है। दोनों ही पहलवान आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणु गोपाल ने दोनों पहलवानों को पार्टी में स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए आज बड़ा दिन है। 

कांग्रेस में शामिल होने के बाद विनेश फोगाट ने कहा कि बुरे वक्त में पता चला अपना कौन है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को छोड़कर सब हमारे साथ थे। भाजपा आईटी सैल ने तो साबित करने की कोशिश की कि हम बुझे कारतूस हैं, हम खत्म् हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बजरंग पुनिया को भी डोप टेस्ट में फंसाया गया। हमने महिला पहलवानों के लिए आवाज उठाई तो हमें सड़कों पर घसीटा गया।

उन्होंने कहा कि मैंने नेशनल भी खेला और लोगों के कहने पर ओलंपिक भी गई। परमात्मा को कुछ ओर ही मंजूर था। आज मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे देश की सेवा करने का मौका मिलेगा। फोगाट ने कहा कि हम अपने लोगों का भला करेंगे और जमीनी स्तर पर काम करेंगे। प्रदेश की महिलाओं के लिए कांग्रेस पार्टी भी हमेशा साथ रहेगी। नीचे देखिये पूरा वीडियो...

हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी

विनेश फोगाट ने कहा कि हमने महिला पहलवानों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन किया था। उस मामले में अभी भी सुनवाई चल रही है। हम आगे भी महिला पहलवानों को न्याय दिलाने के लिए खड़े रहेंगे। 

बजरंग पुनिया ने बीजेपी पर साधा निशाना 

कांग्रेस में शामिल होने के बाद बजरंग पुनिया ने भी पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस के सभी नेताओं का धन्यावाद करते हैं, जो कि बुरे वक्त में भी हमारे साथ खड़े थे। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि हमने बीजेपी की महिला सांसदों को भी पत्र लिखकर महिला खिलाड़ियों के साथ खड़े होने की गुजारिश की थी, लेकिन वे नहीं आईं। कांग्रेस थी, जो बिना बताए साथ आई। उन्होंने कहा कि हम अपने खेलों की तरह राजनीति में भी कड़ी मेहनत करके अपनी पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।

सुबह से समर्थक कर रहे थे इंतजार 

विनेश और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने से पहले पार्टी मुख्यालय पर खासी चहल पहल देखी गई। उनके समर्थक सुबह से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने का इंतजार कर रहे थे और पल-पल के घटनाक्रम पर नजर बनाए थे। वहीं मीडिया का जमावड़ा भी कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगा था। दोनों ने कांग्रेस में शामिल होकर कई हफ्तों से चल रही अटकलों पर मुहर लगा दी है। अब दोनों पहलवान राजनीतिक अखाड़े में उतर चुके हैं। कांग्रेस में शामिल होने से पहले दोनों पहलवानों ने मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। आज वे शाम को सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से भी मुलाकात कर सकते हैं।  

कांग्रेस में विनेश फोगाट की एंट्री पर बोले अनिल विज 

बता दें कि हरियाणा के गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने विनेश फोगाट की कांग्रेस में एंट्री को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर विनेश फोगाट देश की बेटी से कांग्रेस की बेटी बनना चाहती है, तो हमें इससे क्या ऐतराज होगा। उन्होंने पहलवानों के विरोध प्रदर्शन का जिक्र कर कांग्रेस पर भी हमला बोला। अनिल विज ने कहा कि पहले दिन से ही कांग्रेस पहलवानों के बैक में थी और कांग्रेस के उकसाने से ही आंदोलन चल रहा था। वरना वो कभी का खत्म हो जाता। 

विनेश फोगाट के समर्थक बोले- जीत पक्की

बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने विनेश फोगाट को लेकर ये भी कहा था कि खेल का मैदान और चुनावी मैदान अलग-अलग होता है। जिसको लेकर विनेश फोगाट के समर्थकों का कहना है कि विनेश की जीत इस मैदान में भी पक्की है और वह अपनी बेटी का समर्थन करने के लिए पूरी तरह तैयार है और विधानसभा चुनावों में विनेश की जीत पहले से ही तय है। आज भी अनिल विज ने विनेश के कांग्रेस में शामिल होने पर प्रतिक्रिया दी है। नीचे सुनिये पूरा बयान...

5379487