वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल पर लगाए आरोप: '50 हजार से ज्यादा फ्लैट्स बर्बाद, गरीबों के घर खंडहर में तब्दील'

Delhi Elections: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने गरीबों और सफाई कर्मचारियों के लिए बनाए गए 50 हजार से ज्यादा फ्लैट्स गरीबों में नहीं बांटे, जो आज खंडहर हो चुके हैं।;

Update: 2025-01-20 08:22 GMT
Virendra Sachdeva targeted Arvind Kejriwal for JJ Cluster Flats
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा।
  • whatsapp icon

Delhi Elections: दिल्ली में 05 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाला है। सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी पार्टी की जीत का दावा कर रही हैं। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए सभी पार्टियां एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रही हैं। इसी बीच दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एक बार फिर अरविंद केजरीवाल पर हमलावर नजर आए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली का पैसा बर्बाद करने का आरोप लगाया। साथ ही ये भी कहा कि अरविंद केजरीवाल ने गरीबों के लिए बनाए गए 50 हजार से ज्यादा फ्लैट्स बर्बाद कर दिए, जो खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। 

सचदेवा ने जेजे क्लस्टर का किया दौरा

आज सुबह वीरेंद्र सचदेवा ने बवाना की जेजे क्लस्टर का दौरा किया। इस दौरान दिल्ली भाजपा के आधिकारिक पोस्ट पर कुछ फोटोज शेयर की गईं। इस पोस्ट के कैप्शन में बताया गया कि बवाना की जेजे क्लस्टर में बने हजारों फ्लैट्स खंडहर हो चुके हैं। लगभग 2500 करोड़ की कीमत में बने 50 हजार से ज्यादा फ्लैट्स पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। 

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव में डॉक्यूमेंट्री की एंट्री: चुनाव आयोग के खिलाफ धरने पर बैठे संजय सिंह, कहा- बीजेपी क्यों डर रही

अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना

इस मामले को लेकर वीरेंद्र सचदेवा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने गरीबों को फ्लैट्स आवंटित न करके सरकारी पैसा बर्बाद किया है। उन्होंने कहा कि 'दिल्ली में अरविंद केजरीवाल का पैसे बर्बाद करने का ये जीता जागता उदाहरण है। दिल्ली के बवाना नरेला आदि में बनाए गए 50 हजार से ज्यादा फ्लैट्स गरीब और सफाई कर्मचारियों के लिए बनाए गए थे। 

1200 करोड़ का प्रोजेक्ट बना खंडहर

इसमें केंद्र सरकार ने लगभग 1200 करोड़ रुपए इन सोसायटी को बनाने के लिए दिए। आज इन फ्लैट्स की हालत देखिए, सीढ़ियां गायब हैं और अंदर से कमरे टूटे हुए हैं। ये फ्लैट्स गरीबों को दिए जा सकते थे लेकिन ऐसा नहीं किया गया क्योंकि मुख्यमंत्री झूठे, मक्कार हैं। उनकी जिद है कि इन फ्लैट्स का नाम मुख्यमंत्री के नाम पर रखा जाए। इन फ्लैट्स की हालत देखकर समझा जा सकता है कि आपने कैसे दिल्ली को लूटा है।' 

दिल्ली की जनता से की अपील

रोज जनता के सामने आकर वादा करते हैं कि हम दिल्ली को ये देंगे, वो देंगे। तीन बार मुख्यमंत्री बनने के बाद भी आपने दिल्ली की जनता को धोखा, छल, कपट के अलावा क्या दिया है? उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की कि इस बार दिल्ली में डबल इंजन की सरकार लाएं, ताकि हम इन फ्लैट्स को जल्द से जल्द ठीक करके इन्हें गरीब भाई-बहनों को देंगे। 

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव में महिला वोटर्स पर खास, जानिए किस पार्टी ने कितनी महिलाओं को दिया टिकट?

Similar News