Logo
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को यमुना में डुबकी लगाने के बाद स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानिए अब कैसी है तबीयत...

Delhi BJP Chief Virendra Sachdeva: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को यमुना नदी में स्नान करने की चुनौती देकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुसीबत मोल ले ली है। उन्होंने दो दिन पहले गुरुवार को यमुना तट पर पहुंचकर डुबकी लगाई थी। डुबकी लगाने के कुछ ही मिनटों बाद खुजली और संक्रमण जैसी शिकायतें पेश आने लगी। उन्होंने तुरंत चिकित्सकीय सलाह ली, लेकिन आराम नहीं मिला। ऐसे में उन्हें उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में एडमिट होना पड़ा है। माना जा रहा है कि यमुना के प्रदूषित पानी के संपर्क में आने के कारण ही उन्हें यह संक्रमण हुआ है।

सचदेवा को सांस लेने में आ रही तकलीफ

सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि वीरेंद्र सचदेवा को पहले खुजली की समस्या आ रही थी, लेकिन अब दूषित पानी में स्नान करने से संक्रमण बढ़ चुका है। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत आ रही थी, जिस कारण आज सुबह उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल जाना पड़ा। यहां चिकित्सकों ने उन्हें उपचार के लिए भर्ती होने की सलाह दी। 

वीरेंद्र सचदेवा का इलाज जारी 

डॉक्टरों की सलाह पर वीरेंद्र सचदेवा अस्पताल में एडमिट हो गए। उनका इलाज जारी है। चूंकि सांस लेने में दिक्कत आ रही है, लिहाजा एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए है। डॉक्टरों का कहना है कि यमुना का पानी बेहद दूषित है, लिहाजा किसी को भी वहां डुबकी नहीं लगानी चाहिए।     

केजरीवाल पर तंज कसा जा रहा

उधर, सोशल मीडिया पर भी वीरेंद्र सचदेवा के यमुना स्नान को लेकर चर्चा चल रही है। कुछ लोग उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग अरविंद केजरीवाल पर तंज भी कस रहे हैं। दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने पिछले चुनाव में कहा था कि यमुना नदी को स्वच्छ कर दूंगा और अगले चुनाव से पहले आकर डुबकी लगाउंगा। लेकिन, अभी भी यमुना बेहद प्रदूषित है और इस पर केजरीवाल ने चुप्पी साध रखी है। ऐसे में ज्यादतर यूजर्स छठ पूजा पर यमुना में स्नान न करने की नसीहत दे रहे हैं।  

jindal steel jindal logo hbm ad
5379487