Weather Today In Delhi: इस समय पहाड़ो पर काफी बर्फबारी हो रही है और इसका असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली में गुरुवार का दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। घरों में भी लोगों को ठिठुरन और ठंड का अहसास होता रहा। सड़कों पर लोग अलाव का सहारा लेकर सर्दी से बचने की कोशिश करते दिखे। मौसम विभाग के मुताबिक, आज राज्य में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

बता दें कि गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने शीत लहर की घोषणा की है। अधिकतर जगहों पर अधिकतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही दर्ज किया गया। शुक्रवार यानी आज सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रहा।

 

दिल्ली में एक्यूआई बहुत खराब

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता की बात की जाए तो सुबह छह बजे राज्य का एक्यूआई 237 दर्ज किया गया। इसमें मुंडका में एक्यूआई 218, नरेला में 201, आंनद विहार में 197, आरके पुरम में 190 और अलीपुर में 170 है। बता दें कि जीरो से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी का माना जाता है।

बेसहारा लोग रैन बसेरों का ले रहे सहारा

दिल्ली में ठंड का मौसम तेज होने के साथ, जिनके सिर पर छत नहीं है, वे सुबह और देर रात के दौरान हाड़ कंपा देने वाली ठंड से खुद को सुरक्षित रखने के लिए सरकारी अस्पतालों और अन्य स्थानों पर रैन बसेरों में शरण ले रहे हैं। सफदरजंग अस्पताल और एम्स के रैन बसेरे इलाके के बेघर लोगों के साथ-साथ उन लोगों को भी आश्रय देते हैं जो दिल्ली के बाहर से मरीजों के साथ आते हैं।

इसके अलावा, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के तहत और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों द्वारा संचालित कई आश्रय स्थल भी ठंड के मौसम में लोगों को आश्रय देते हैं। सड़क किनारे रहने वाले लोग खुद को गर्म रखने के लिए अलाव के पास बैठकर कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं।