Logo
Delhi Elections 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के करावल नगर इलाके में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी ने मोदी के पैर छुए, जिसके बाद पीएम मोदी ने भी तीन बार उनके पैर छू लिए।

Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों की सरगर्मी तेज हो चुकी है और इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छुए, जिसके बाद पीएम मोदी ने भी तीन बार उनके पैर छू लिए। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद अन्य नेता और समर्थक हैरान रह गए।  

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए रैली में पीएम मोदी
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के करावल नगर इलाके में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली सरकार पर पानी में जहर मिलाने के बयान को लेकर हमला बोला और जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की।  

कैसे हुआ मंच पर चौंकाने वाला घटनाक्रम?
जब पीएम मोदी रैली को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे, तो पटपड़गंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। पीएम मोदी ने भी मंच पर सार्वजनिक रूप से तीन बार रविंद्र सिंह नेगी के पैर छुए। इस घटना को देखकर वहां मौजूद भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी स्तब्ध रह गए। रैली में मौजूद लोग और सोशल मीडिया पर वीडियो देखने वाले यूजर्स इस घटना को लेकर कई तरह के कयास लगा रहे हैं। वहीं, खुद रविंद्र नेगी इस पल में खुद भी असहज नजर आए और थोड़ा हिचकिचाते भी दिखे।  

आखिर कौन हैं भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी?  
रविंद्र सिंह नेगी मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी हैं और दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के एक बड़े नेता माने जाते हैं। वर्तमान में वह दिल्ली नगर निगम (MCD) के सदस्य हैं और विनोद नगर वार्ड-198 से पार्षद के रूप में कार्यरत हैं। विनोद नगर वार्ड पटपड़गंज विधानसभा सीट के अंतर्गत आता है, जहां वह एक चर्चित नाम माने जाते हैं।  

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव 2025: केजरीवाल के जहर वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार, बोले- आप'दा की लुटिया यमुना में ही डूबेगी

रविंद्र सिंह नेगी की राजनीतिक पृष्ठभूमि
रविंद्र नेगी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मजबूत कार्यकर्ता भी माने जाते हैं और वे संगठन में सक्रिय सदस्य हैं। 2020 में उन्होंने पटपड़गंज विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को कड़ी टक्कर दी थी। इस बार भी वह भाजपा के प्रत्याशी के रूप में पटपड़गंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने इस बार उनके खिलाफ अवध ओझा को मैदान में उतारा है।  

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पीएम मोदी द्वारा तीन बार रविंद्र सिंह नेगी के पैर छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस घटना को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पीएम मोदी ने यह कदम वरिष्ठ कार्यकर्ता के सम्मान के रूप में उठाया, जबकि कुछ इसे राजनीतिक रणनीति से भी जोड़कर देख रहे हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव 2025: ताहिर हुसैन ने मुस्तफाबाद में शुरू किया चुनाव प्रचार, कस्टडी पैरोल पर हर दिन 12 घंटे के खर्च करने होंगे इतने रुपये

5379487