Logo
नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी पत्नी और बेटी की बेरहमी से तवे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ बेटी ने पॉक्सो केस दर्ज करवाया था।

Delhi Murder: नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक शख्स ने पत्नी और बेटी की बेरहमी से तवे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। मृतक महिला का नाम 38 वर्षीय सीमा बताया गया है। बेटी की उम्र 16 वर्ष है। वारदात शनिवार सुबह सामने आई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया। पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश डालने में जुटी है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि बेटी ने पिता के खिलाफ पॉक्सो केस दर्ज करवाया हुआ था। पिता केस वापस लेने का दबाव बना रहा था।

पत्नी और बेटी की हत्या कर आरोपी पिता फरार

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने को झगड़े के संबंध पीसीआर कॉल मिली थी। बताया गया कि काली माता मंदिर के पास टिकरी औद्योगिक क्षेत्र में पति और पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक घर के ग्राउंड फ्लोर पर मां बेटी खून से लथपथ मिली। अस्पताल ले जाने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस तफ्तीश में पता चला कि ओम प्रकाश नाम के शख्स ने वारदात को अंजाम दिया है। वह सुबह घर आया, जहां उसकी पत्नी और बेटी के साथ तीखी नोकझोंक हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने भारी लोहे के तवे से उनके ऊपर हमला कर दिया।

बेटी ने पिता के खिलाफ दर्ज करवाया हुआ था पॉक्सो केस

पुलिस का कहना है कि आरोपी की बेटी ने अपने पिता के ऊपर मारपीट, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज करवा रखा था। यह केस इसी साल 20 मार्च को कोर्ट में पहुंचा था। वहीं, आरोपी के एक अन्य बिंदु नामक महिला से भी अवैध संबंध का खुलासा हुआ है।

ओम प्रकाश के साथ रिलेशन में रहने वाली महिला ने भी उसकी पत्नी सीमा और उसकी भाभी के खिलाफ मारपीट, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करवा रखा था। यह केस भी कोर्ट में चल रहा है। आरोपी अपने ऊपर लगे पॉक्सो एक्ट के केस को वापस लेने के लिए पत्नी और बेटी के पास आया था। मृतक सीमा अपने घर की बिल्डिंग में ही किराना की दुकान चलाती थी, जबकि उसकी बेटी नौंवी कक्षा में पढ़ती थी।

5379487