Delhi Rain Electric Shock Death: राजधानी दिल्ली में इस बार मानसून की बारिश लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सरकार और प्रशासन की लापरवाही से जगह-जगह जलभराव हो रहा है, जो लोगों की मौत का कारण भी बन रहा है। दिल्ली में जलभराव में करंट फैलने से कई लोगों की जान जा चुकी है। एक बार फिर दिल्ली में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई और जलभराव हो गया, जिससे करंट फैल गया। शुक्रवार को रोहिणी जिले के प्रेम नगर में करंट लगने से एक शख्स की मौत हुई। वहीं, आज शनिवार को रंजीत नगर इलाके में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई।

रंजीत नगर में करंट का लगने से महिला की मौत

जानकारी के अनुसार, रंजीत नगर इलाके में 40 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। बारिश के चलते गली में पानी भरा हुआ था। महिला ने जैसे ही पानी में पैर रखा तो करंट की चपेट में आ गई। मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई है। सीमा रंजीत नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की रहने वाली थी।

प्रेम नगर में करंट लगने से शख्स की मौत

रोहिणी जिले के प्रेम नगर थाना अंतर्गत घर में घुसे बारिश के पानी में करंट उतरने से एक शख्स की जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिजली के सर्किट के संपर्क में आने से पानी में करंट आया था।

पुलिस के अनुसार, मृतक का नाम 40 वर्षीय संजय है। वह अगर नगर, प्रेम नगर, किराड़ी में रहता था। उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मिली थी।

पटेल नगर में करंट लगने से युवक की मौत

दिल्ली में 23 जुलाई को जमकर बारिश हुई। जिसके चलते जगह-जगह जलभराव हुआ और लोगों को खासी परेशानी की सामना करना पड़ा। इसी तरह दिल्ली के पटेल नगर मेट्रो स्टेशन के पास भी बारिश का पानी जमा हो गया, लेकिन यहां पानी का जमा होने से बिजली के खंभे से करंट फैल गया और इसकी चपेट में आने से एक यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र की मौत हो गई।

यमुना विहार में महिला की करंट लगने से मौत

ऐसे पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार इलाके में 13 जुलाई को महिला की करंट लगने से मौत हो गई। दरअसल, महिला अपने बेटे की रिपोर्ट दिखाने के लिए अस्पताल जा रही थी। वहीं सड़क पर बारिश का पानी भरा हुआ था। पानी में पैर रखते ही महिला को करंट लगा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। यहां भी बिजली के खंभे से करंट फैला था।