दिल्ली की यमुना मैली: कालिंदी कुंज में नदी में दिखी सफेद झाग की परत, आप बोली- बीजेपी कर रही धोखा

Yamuna Pollution: दिल्ली में यमुना के प्रदूषण को लेकर एक बार फिर राजनीति होने लगी है। कालिंदी कुंज इलाके में नदी के ऊपर सफेद झाग देखा गया, जिसको लेकर आप ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए धोखेबाज बताया है। ;

Update: 2025-04-19 07:50 GMT
Yamuna River Pollution
यमुना नदी पर सफेद झाग।
  • whatsapp icon

Yamuna Pollution: दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में एक बार फिर यमुना नदी के ऊपर सफेद झाग की मोटी परत तैर रही है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। आम आदमी पार्टी ने एक्स अकाउंट पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि 'बीजेपी ने यमुना के साथ धोखा किया है। पिछले कई हफ्तों से यमुना नदी के पानी में खतरनाक झाग उठ रहा है। लेकिन बीजेपी की विपदा वाली डबल इंजन सरकार को होश नहीं है। चुनाव के दौरान बीजेपी नेताओं ने जमकर जुमले मारे थे, लेकिन आज वे लोग ही कोई काम नहीं कर रहे।'

चुनाव के दौरान सबसे तेज मुद्दा था यमुना का प्रदूषण
गौरतलब है कि चुनाव के दौरान यमुना का मुद्दा सबसे ज्यादा तेज था। बीजेपी की तरफ से कहा जा रहा था कि वे सरकार बनते ही सबसे पहले यमुना की सफाई कराएंगे। बीजेपी ने कहा था कि 'आम आदमी पार्टी के लोगों ने यमुना मां का अपमान किया है और उसकी स्थिति बदतर कर दी है। ऐसे में अगर हमारी सरकार बनती है, तो हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ सबसे पहले यमुना की सफाई के लिए कदम उठाएंगे।' हालांकि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनते ही पहला कदम यमुना की सफाई को लेकर उठाया गया। इसको लेकर आए दिन बैठकें होती हैं, जिसमें एक के बाद एक कदम उठाए जा रहे हैं। 

गुरुवार को यमुना सफाई को लेकर हुई बैठक
हाल ही में गुरुवार को भी यमुना की सफाई को लेकर हाई लेवल बैठक हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, एलजी वीके सक्सेना, सीएम रेखा गुप्ता समेत कई अधिकारी और मंत्री शामिल रहे। PM मोदी की अध्यक्षता में हुई इस हाई लेवल बैठक में यमुना सफाई को लेकर तीन लेयर योजना पर चर्चा हुई। साथ ही फैसला लिया गया कि यमुना की सफाई को लेकर 'जन आंदोलन चलाया जाएगा।'

इन मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में नदी को साफ करने के लिए एजेंसी-वार कार्य योजना की समीक्षा की गई। इस दौरान ड्रेन मैनेजमेंट, सीवेज मैनेजमेंट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, डेयरी वेस्ट मैनेजमेंट, इंडस्ट्रियल वेस्ट मैनेजमेंट, अपशिष्ट जल उपचार के बुनियादी ढांचे की कमी की पहचान और इनके समाधानों के बारे में चर्चा की गई। 

गंभीर स्थिति में यमुना
बता दें कि दिल्ली में यमुना की सफाई एक बड़ी चुनौती है। कुछ सालों से सरकार ने यमुना की सफाई के लिए कई योजनाएं शुरू कीं, लेकिन प्रदूषण का स्तर अब भी गंभीर स्थिति में है। दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में नदी का पानी सबसे ज्यादा प्रदूषित है। यमुना का पानी नहाने तक के लायक नहीं है। कई बार यमुना का BOD स्तर 90 तक पहुंच जाता है। हालांकि नहाने के लिए सुरक्षित BOD स्तर 3 होता है। वहीं हरियाणा में यमुना नदी का पानी दिल्ली के मुकाबले बेहद साफ है। दिल्ली में पानी आने के बाद कई कारणों से पानी दूषित हो जाता है। 

ये भी पढ़ें: DEVI Bus Service: दिल्ली में इस तारीख से शुरू होगी देवी बस सेवा, जानिये कितना लगेगा किराया

Similar News