Delhi: बहस के बाद युवक को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती, एक आरोपी मौके पर ही दबोचा

Delhi Crime
X
प्रतीकात्मक तस्वीर।
दिल्ली के जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर इलाके में बहस के बाद एक युवक को गोली मार दी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर दबोच लिया। वहीं, एक आरोपी की तलाश जारी है।

Delhi: दिल्ली के जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर इलाके में बुधवार सुबह लगभग 11.50 बजे रोडरेज की एक घटना में 22 वर्षीय युवक को गोली मार दी गई। वारदात को बाइक सवार बदमाशों ने अंजाम दिया। केस में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीछे बैठे आरोपी की तलाश जारी है। वहीं, घायल जतिन जैन नामक युवक को इलाज के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गोली युवक के हिप पर मारी गई।

बाइक सवार दो युवकों से हुई तीखी बहस

डीसीपी वेस्ट विचित्र वीर ने बताया कि जनकपुरी में प्रोफेसर जोगिंदर सिंह मार्ग, रिलायंस ट्रेंडज के पास गोलीबारी की घटना हुई। शिकायतकर्ता जतिन जैन पुत्र सतपाल जैन निवासी सोनीपत, हरियाणा ने बताया कि वह अपने दोस्त से मिलने के लिए जनकपुरी आया था। जब उसने अपनी कार डिस्ट्रिक्ट सेंटर की पार्किंग में पार्क की, तो वहां बाइक सवार दो युवकों से उसकी तीखी बहस हुई।

तीखी बहस के बाद मारी गोली

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि दोनों लड़के अपाचे बाइक पर सवार थे। इसके बाद वह सड़क पार कर गया, तो दोनों कथित लड़कों ने उसका पीछा किया और फिर से उनके बीच गरमा गरम बहस हुई। उसी दौरान उनमें से एक लड़के ने असलहा निकाला और जतिन जैन पर फायर कर दिया। गोली उनके बायें कूल्हे पर लगी।

एक आरोपी को मौके पर दबोचा

वहीं, वारदात के समय पुलिस स्टाफ आसपास ही था, जो फायरिंग की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी शख्स को मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी विशाल उर्फ फोढ़ा पुत्र नगीना राय निवासी विष्णु गार्डन, ख्याला के कब्जे से पिस्टल भी बरामद कर ली गई। वह आर्म्स एक्ट, चोरी, डकैती आदि के आठ मामलों में शामिल पाया गया है, जबकि दूसरा लड़का मौके पर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पीछे बैठे आरोपी की तलाश कर रही है। वह मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story