अंबाला से चंडीगढ़ तक मेट्रो : अनिल विज ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को दिया प्रस्ताव, अभी जाम में बर्बाद हो रहे कई घंटे

मंत्री अनिल विज ने केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर को अंबाला से चंडीगढ़ के रूट पर मेट्रो चलाने का प्रस्ताव दिया है। मनोहरलाल खट्टर होली मिलन समारोह में अंबाला छावनी आए थे।;

Update:2025-03-15 20:10 IST
अंबाला छावनी में होली मिलन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर का स्वागत करते मंत्री अनिल विज।cabinet minister anil vij
  • whatsapp icon

अंबाला से चंडीगढ़ तक मेट्रो :  ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि केंद्रीय शहरी विकास व ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने बतौर हरियाणा मुख्यमंत्री रहते हुए अम्बाला छावनी को बहुत कुछ दिया और सूखे हुए शहर में रंग भरे हैं। आज वह केवल अम्बाला जिले के लिए कुछ मांग रहे हैं। चंडीगढ़ हमारी हरियाणा की राजधानी है, मगर चंडीगढ़ तक पहुंचना बहुत मुश्किल होता है। चंडीगढ़ जाने वाली सड़क पूरी तरह जाम रहती है तथा लोगों के चंडीगढ़ आने-जाने में कई घंटे लगते हैं। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत वे अम्बाला से चंडीगढ़ तक मेट्रो ट्रेन चलाने की मांग केंद्रीय मंत्री से कर रहे हैं। इससे लाखों लोगों के समय की बचत होगी और और लाभ मिलेगा। विज अम्बाला छावनी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में होली के अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के आगमन पर भाजपा नेताओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले, अम्बाला छावनी होली मनाने के लिए पहुंचे मंत्री मनोहर लाल का जोरदार स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मंत्री अनिल विज, नगर परिषद में नवनिर्वाचित पार्षदों और भाजपा नेताओं के साथ फूलों से होली खेली और सभी को शुभकामनाएं दी।

अम्बाला एयरपोर्ट के लिए मनोहर लाल ने दिलवाए थे 130 करोड़ रुपये

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते व उनके सहयोग से हमने अम्बाला छावनी का भी और सारे प्रदेश का काम करने की कोशिश की और इनके रहते उन्हें कभी किसी काम में अड़चन नहीं आई। सबसे ताजा उदाहरण अम्बाला छावनी के डोमेस्टिक एयरपोर्ट का है। एयरपोर्ट के लिए सेना से जमीन लेना बहुत मुश्किल था और सेना से जमीन स्थानांतरित करने के लिए जो कीमत लगाई वह बहुत ज्यादा थी। तब उन्होंने मनोहरलाल से बात की और हंसते-हंसते मनोहर लाल ने एयरपोर्ट की जमीन के लिए 130 करोड़ रुपये अलॉट कर दिए।

मैं और मनोहरलाल एक ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, हमें सेवा करना सिखाया गया : विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि मनोहर लाल और हमारा मुद्दा एक ही है, हम एक ही विश्वविद्यालय (आरएसएस) के विद्यार्थी हैं और हमें यहीं सिखाया जाता है कि जनता का काम करना है और देश व प्रदेश को आगे ले जाना है। ऐसा नहीं है कि काम करते हुए हमारे मतभेद नहीं हुए यह प्रजातंत्र का तकाजा है। प्रजातंत्र में भिन्न-भिन्न मत हो सकते हैं, लेकिन हमारे मत मुद्दों पर होते थे, उसकी भी खूबसूरती थी कि या मनोहरलाल मान जाते थे या वो मुझे मना लेते थे। जिससे विकास की गाड़ी लगातार चलती रहती थी और उसकी रवानगी में कभी कोई रुकावट नहीं आई। जो मनोहर लाल से उन्होंने अम्बाला छावनी के लिए मांगा वो उन्होंने दिया।

भाजपा संगठन ऊपर से नीचे तक हमेशा तैयार : मनोहर लाल

केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर समय चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए। हमारा संगठन पूरी तरह से तय है और अम्बाला छावनी से बेहतर इस विषय पर कोई नहीं जानता। अम्बाला छावनी से हम लगातार जीत रहे हैं। यहां जो टीम जीतकर आई है उनसे वह आह्वान करते हैं कि वह जनहित में बेहतर कार्य करें ताकि जनता ने जो अपेक्षा उनसे रखी है उन पर वह खरा उतरें। वह अपनी शुभकामनाएं निकाय चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों को देते हैं और होली की शुभकामनाएं देते हैं।

चंडीगढ़ में 2031 तक मेट्रो चलने की उम्मीद

चंडीगढ़ में भी मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर लगातार बैठक हो रही है। पिछले महीने हुई संयुक्त बैठक में बताया गया था कि चंडीगढ़ में मेट्रो 2031 तक चल सकती है। मेट्रो परियोजना के तहत अनुमानित लागत 25 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक खेमका की अध्यक्षता में यह बैठक हुई थी। मेट्रो रूट चंडीगढ़ के पंडौल गांव से शुरू होता हुआ पंचकूला के सेक्टर 28 तक बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव के अधीन 2031 में 8400 यात्रियों का आंकलन किया गया है।

यह भी पढ़ें : हजारों करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा : कोऑपरेटिव सोसायटी के संचालक रुपये लेकर फरार, गरीब रेहड़ी वाले को डायरेक्टर बनाकर फंसाया

Similar News