अंबाला: कमल विहार के संजय जोशी व पत्नी पारुल जोशी की हत्या में कुछ चीजें स्पष्ट हो गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया गया कि संजय की हत्या गला रेतकर की गई। उसके गले पर तेजधार हथियार के निशान मिले हैं। इसी तरह पारुल जोशी की हत्या रस्सी से गला दबाकर की गई। उसके सिर पर भी किसी ठोस हथियार से वार किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पूरी तरह साफ हो गया कि हत्यारों ने बेरहमी से दोनों का कत्ल किया है। पुलिस ने शवों के आसपास से खून के नमूने भी लिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

फाइनेंस-प्रॉपर्टी का करता था कारोबार

परिजनों के मुताबिक संजय जोशी फाइनेंस व प्रॉपर्टी का कारोबार करता था। पता चला है कि उसका काफी लोगों के साथ लेनदेन था। इसी लेनदेन को उसकी हत्या की वजह बताया जा रहा है। अभी तक जांच में यह बात भी सामने आई है कि एक प्रॉपर्टी को लेकर उसका विवाद है। पुलिस उस विवाद को भी खंगाल रही है। हालांकि पारूल जोशी की हत्या भी अभी तक पुलिस पति के विवाद से जोड़कर देख रही है। अभी तक पुलिस के हाथ ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं लगा है जिसके आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द संभव हो सके।

शवों का कर दिया अंतिम संस्कार

परिजनों की ओर से पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पहले तो पारूल जोशी के परिजन अपनी बेटी के शव का अंतिम संस्कार अलग करने की बात कह रहे थे। हालांकि पुलिस हस्तक्षेप के बाद दोनों शवों का अंतिम संस्कार जैन कॉलेज रोड स्थित शमशान घाट में किया गया है। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद हुए। परिजनों को अभी तक दोहरे हत्याकांड की ठोस वजह का पता नहीं चला। परिजनों की मानें तो संजय की किसी से भी दुश्मनी नहीं थी। वह हमेशा अपने काम में मस्त रहता था।

घर में ही उतारा मौत के घाट

बता दें कि वीरवार को कमल विहार के रहने वाले संजय जोशी व पत्नी पारुल जोशी की निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। घर में ही दोनों को मौत के घाट उतारा गया। अगले दिन ही दोनों के शव घर से मिले। हत्यारे हत्या के बाद घर में लगे सीसीटीवी को तोड़कर डीवीआर निकाल ले गए। जबकि मुख्य गेट को बाहर से ताला लगा दिया। फोन पिक न करने की वजह से परिजनों को उनके साथ कोई अनहोनी होने की भनक लगी। तभी एक रिश्तेदार को उनके घर भेजा गया। खिड़की से अंदर झांकने पर दोनों की हत्या होने की बात सामने आई।

जल्द आरोपी किए जाएंगे काबू

एएससपी सृष्टि गुप्ता खुद दोनों हत्याकांड की जांच में जुटी हुई हैं। उन्होंने बीते रोज फिर रिहायशी भवन का मुआयना किया। गहनता से हर चीज की जांच की। जांच के दौरान कुछ सैंपल मौके से लिए गए। जांच अधिकारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अभी तक बयानों में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। सृष्टि गुप्ता ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। इसके बाद ही हत्याकांड की असल वजह सामने आएगी।