Logo
Faridabad Doctor Murder: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में एक महिला डॉक्टर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतका का पति उसे कई दिनों से धमकियां दे रहा था, जिसमें उसने कहा था कि एक हत्या करूं या दो सजा तो उतनी ही मिलेगी।

Faridabad Doctor Murder: हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बल्लभगढ़ की विष्णु कॉलोनी में एक महिला डॉक्टर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, 34 वर्षीय डॉ. प्रियंका की क्लीनिक के ऊपर वाले कमरे में चाकुओं से गोदकर उनका मर्डर कर दिया गया। करीब 10 घंटे तक महिला डॉक्टर का शव उसी कमरे में खून से लथपथ पड़ा रहा, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं थी। बुधवार रात को जब उनके परिवार के लोग क्लीनिक में पहुंचे, तो खून से लथपथ शव को देखकर हैरान रह गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक ने टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पति पर लगाए गए हत्या के आरोप

इस हत्या का आरोप उनके पति पर लगाया जा रहा है। मृतका की छोटी बहन पूजा ने डॉ. प्रियंका की हत्या के लिए उनके पति लख्मी चंद और अपने पति भगत सिंह पर लगाया है। पूजा ने बताया कि लख्मी चंद प्रियंका को पहले भी कई बार धमकियां दे चुका है। वह प्रियंका से कहता था कि एक हत्या करूं या दो, लेकिन सजा तो उतनी ही मिलेगी।

आरोप है कि परिवार ने योजना के तहत हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। डॉ. प्रियंका की हत्या के एक दिन पहले ही उनकी सास और देवर क्लीनिक पर आए, और जबरन उनके दोनों बच्चों को लेकर घर चले गए। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान प्रियंका के साथ मारपीट भी की गई।

पुलिस पर भी गंभीर आरोप

मृतका की बहन ने बताया कि प्रियंका को पति लगातार पिछले कई दिनों से प्रियंका को धमकियां दे रहा था। इसके चलते प्रियंका ने आदर्श नगर थाने में शिकायत कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। पूजा ने कहा कि बुधवार सुबह 11 बजे जब उसने प्रियंका को कॉल किया, तो उसका फोन बंद आ रहा था। इसके बाद परिजन बल्लभगढ़ पहुंचे, जहां पर सेक्टर-12 कोर्ट में उन्होंने अपने किसी जानकार से मुलाकात की। 

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम डॉ प्रियंका के क्लीनिक पर पहुंची, लेकिन ऊपर कमरे में चेक नहीं किया। इसके बाद रात को करीब 9 बजे परिजन खुद क्लीनिक पर पहुंचे और उन्होंने ऊपर के कमरे में जाकर देखा, तो डॉ. प्रियंका का शव बेड पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पूजा ने बताया कि साल 2010 में प्रियंका की शादी पलवल के लख्मी चंद के साथ हुई थी। पारिवारिक विवादों के चलते प्रियंका पिछले 4 साल से बल्लभगढ़ में किराए के मकान में अपना क्लीनिक चला रहीं थी। वहीं, लख्मी चंद ट्रक चालक है। इस मामले को लेकर आदर्श नगर थाने के एसएचओ हरिकिशन ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट बाद पता चल जाएगा कि हत्या कितने समय पहले हुई है। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें: Fatehabad Police: चन्द्रावल मर्डर केस में एक आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

5379487