CM Saini Vijay Sankalp Rally Update: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हांसी में विजय संकल्प रैली  (Vijay Sankalp Rally) करेंगे। सीएम दोपहर करीब तीन बजे अनाज मंडी में पहुंचेंगे। हालांकि, अब हांसी को जिला बनाने का ऐलान नहीं किया जा सकता है। प्रदेश में चुनावों की तारीख के ऐलान के बाद आचार संहिता लागू हो गई है।

दरअसल, हिसार के हांसी शहर में सीएम चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद अपनी पहली चुनावी रैली करने जा रहे हैं। सीएम की इस रैली की घोषणा पहले ही हो चुकी थी, हांसी के लोगों को उम्मीद थी कि जब सीएम आएंगे तो हांसी को जिला बनाने का ऐलान करेंगे। हालांकि, अब ऐसा नहीं हो पाएगा। इससे हांसी के लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। वहीं स्थानीय बीजेपी विधायक और कार्यकर्ता सीएम की इस रैली को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। 

सीएम से मिला था जिला बनाने का आश्वासन 

खबरों की मानें, तो हांसी विधायक विनोद भयाना ने कहा कि सीएम से हांसी को जिला बनाने की मांग की गई थी। आश्वासन भी मिला था कि हांसी को जिला बनाया जाएगा, लेकिन रैली से एक दिन पहले आचार संहिता लागू हो गई है। अब सीएम हांसी जिला बनाने की घोषणा नहीं कर सकते हैं। हालांकि, सीएम नायब सैनी को जो मांग पत्र दिया था। उन्होंने शहर के लोगों की सभी मांगे मानने का आश्वासन दिया है।  

एक अक्टूबर को 80 विधानसभा सीटों पर होंगे चुनाव 

बता दें कि हरियाणा में एक अक्टूबर को 80 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं चुनाव के नतीजे 4 अक्टूबर 2024 को घोषित किए जाएंगी। इसकी घोषणा शुक्रवार को चुनाव आयोग ने प्रेसवार्ता कर की है। विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है। जिसके चलते सीएम नायब सिंह सैनी अब कोई ऐलान नहीं कर पाएंगे।