Logo
हरियाणा के जींद में एचडीएफसी बैंक की रिलेशनशिपइ मैनेजर ने बुजुर्ग दंपत्ति को 9 करोड़ रुपए का चूना लगाया। बुजुर्ग दंपत्ति के नाम पर दर्जनों खाते खुलवाए और धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जींद: किरायेदार एचडीएफसी बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर ने अपने पति, रिश्तेदार तथा बैंक कर्मियों के साथ मिलीभगत कर बुजुर्ग दंपत्ति के नाम से फर्जी खाते खुलवाकर नौ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर रिलेशनशिप बैंक मैनेजर समेत 14 लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बुजुर्ग के घर किराए पर रहती थी आरोपी

अर्बन एस्टेट निवासी बुजुर्ग राजेंद्र ने बताया कि उसके मकान पर सलोनी गोयल अपने परिवार के साथ लगभग पांच- छह साल से किराए पर रहती थी। उसने 2021 में एचडीएफसी बैंक में दो खाते खुलवाए थे, जिस पर कृषि लोन भी करवाया गया। बैंक ने उसके तथा उसकी पत्नी के नाम पर दर्जनभर खाते खोले थे। बैंक ने सलोनी गोयल को उनका रिलेशनशिप मैनेजर बनाया हुआ था, जिसके चलते सलोनी के पास उनके बैंक खातों की पासबुक, चैक बुक, एफडी प्रमाण पत्र रखे हुए थे।

खाते की जांच करने पर हुआ खुलासा

बुजुर्ग ने बताया कि कुछ दिन पहले बैंक कर्मी उनके पास आए और कृषि लोन की किश्त बकाया होने की बात कही। जब उन्होंने अपने खाते की जांच की तो सामने आया कि उनके साथ नौ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की गई। आरोपित सलोनी ने अपने परिवार के सदस्यों तथा बैंक कर्मियों के साथ मिलीभगत कर अपने परिवार के सदस्यों तथा रिश्तेदारों के खातों में रुपए ट्रांसफर कर लिए। 14 सितंबर 2022 को 15 लाख रुपए सलोनी ने उसकी पत्नी प्रेम के खाते अपने भाई कपिल तथा दस लाख रुपए अपने पति मोहित गोयल के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

गुमराह करती रही आरोपी सलोनी

बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने बैंक ट्रांजेक्शन के बारे में पूछा तो आरोपी सलोनी उन्हें गुमराह करती रही और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बड़ी राशि के ट्रांसफर होने पर बैंक एमआर का आना जरूरी है। जबकि उनके साथ ऐसा नहीं हुआ। उनकी छानबीन के दौरान सामने आया कि सलोनी गोयल ने उनके नाम से कई बैंक खाते खुलवाए हुए थे, जिसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। उन खातों से भी बड़ी ट्रांजेक्शन होना पाया गया। उसके खाते से दो करोड़ 28 लाख रुपए, उसकी पत्नी प्रेम के खाते से दो करोड़ 15 लाख रुपए सलोनी गोयल के यूपीआई व अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर होना पाए गए हैं।

सलोनी के परिजनों ने दी धमकी

बुजुर्ग ने बताया कि 18 अगस्त को सलोनी गोयल के मायका पक्ष के लोग उनके घर आए और शिकायत न देने के लिए कहा। शिकायत करने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने राजेंद्र की शिकायत पर बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर सलोनी गोयल, उसके पति मोहित गोयल, कपिल गोयल, कमलेश गोयल, मीना गोयल, सतकुमार, संजीव गोयल, डेविड सैनी, आशीष रस्तोगी, गगन नयर, महेश कुमार, रमेश को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

5379487