School principal rape in Jind। जींद के नरवाना सदर थाना क्षेत्र में निजी स्कूल संचालक द्वारा चौथी कक्षा की 10 वर्षीय बच्ची के साथ बाथरूम में ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी प्राचार्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। महिला ने बताया कि उसकी दस वर्षीय बेटी गांव के ही निजी स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा है। हर रोज की भांति गत दिवस उसकी बेटी स्कूल में गई थी। जब वह स्कूल से घर वापस लौटी तो उसके पेट तथा पैरों में दर्द था। पूछने पर बेटी ने स्कूल प्रिंसिपल की करतूत के बारे में बताया।

नया हाल दिखाने के बहाने ले गया बाथरूम

शाम को किसी बात को लेकर उसके पति तथा उसके बीच आपस में कहासुनी हो गई थी। जिस पर बेटी ने कहा कि दिन में स्कूल का प्राचार्य तंग करता है। अब घर पर भी चैन नहीं। परिजनों के पूछने पर बालिका ने बताया कि शुक्रवार को वह स्कूल के कमरे में बैठी थी। प्रचार्य यशपाल वहां पर आया और कमरे की खिड़की बंद करने को कहा। प्राचार्य फिर उसे स्कूल का नया हाल दिखाने की बात कह कर उसे बाथरूम में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे किसी को बताने पर उसे धमकाया गया। पूर्व में भी स्कूल प्राचार्य उस से अश्लील हरकत करता रहा है। महिला थाना पुलिस ने पीडि़ता की मां की शिकायत पर आरोपित स्कूल प्राचार्य यशपाल के खिलाफ दुष्कर्म करने, बंधक बनाने, यौन उत्पीडऩ करने तथा छह पाक्सो एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तलाश जारी

महिला थाना प्रभारी मुकेश रानी ने बताया कि बालिका मां ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। स्कूल पांचवी तक है। आरोपित स्कूल प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।

2020 में पति की मौत, 2022 में की दूसरी शादी

अलेवा थाना इलाका गांव में सौतेले पिता द्वारा 11 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने, अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। अलेवा थाना पुलिस ने पीडि़ता की मां की शिकायत पर आरोपित सौतेले पिता के खिलाफ दुष्कर्म करने की कोशिश करने, अश्लील हरकत करने, छह पास्को एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूलत: गढ़ी थाना हाल आबाद अलेवा थाना इलाके की महिला ने बताया कि उसकी पहली शादी सदर थाना नरवाना इलाके में हुई थी। वर्ष 2020 में उसके पति की मौत हो गई थी। जिससे तीन लड़कियां हुई। दूसरी शादी नवंबर 2022 में अलेवा थाना इलाका निवासी नरेश के साथ हुई। जिस पर उसने अपनी बेटियों को मायके छोड़ दिया। गर्भवती होने पर उसने अपनी बड़ी 11 वर्षीय बेटी को अपने पास सहायता के लिए बुला लिया। एक नवंबर से 23 नवंबर तक उसकी बेटी उसके पास रही। आरोपित नरेश ने उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकत करने के साथ, दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया।

विरोध करने पर अंजाम भुगतने की दी धमकी

जब उसने विरोध किया तो आरोपित ने उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। घटना का उस समय पता चला जब उसकी बेटी ने उसके पास आने से मना कर दिया। पूछताछ करने पर उसकी बेटी ने अपने सौतेले पिता नरेश की करतूत के बारे में बताया। अलेवा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित सौतेले पिता नरेश के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश करने, अश्लील हरकत करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलेवा थाना की जांच अधिकारी गीता ने बताया कि महिला ने उसकी नागालिग बेटी के साथ अश्लील हरकत करने का सौतेले पिता पर आरोप लगाया था। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।