Logo
हरियाणा के उचाना में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि दुष्यंत चौटाला जिन बातों को लेकर चुनाव में गए थे, जो चुनाव में वादे किए थे, उन बातों को याद करें। जिसके आधार पर जनता ने उनको वोट किया था। उसके ठीक विपरीत वह चले। खुद की कथनी और करनी में अंतर के कारण आज उनकी पार्टी की यह स्थिति हुई है।

उचाना/जींद: भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कांग्रेस व भाजपा के सहयोगी रहे दुष्यंत चौटाला पर जमकर कटाक्ष किया। दुष्यंत चौटाला द्वारा भाजपा के साथ जाने को भूल बताए जाने पर पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि दुष्यंत चौटाला जिन बातों को लेकर चुनाव में गए थे, जो चुनाव में वादे किए थे, उन बातों को याद करें। जिसके आधार पर जनता ने उनको वोट किया था। उसके ठीक विपरीत वह चले। खुद की कथनी और करनी में अंतर के कारण आज उनकी पार्टी की यह स्थिति हुई है। उचाना की लाला प्रभुदयाल चौधरी धर्मशाला में पहुंचे कैप्टन अभिमन्यु लोगों को संबोधित कर रहे थे।

देवीलाल के आचरण से भिन्न है दुष्यंत

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अगर दुष्यंत अपनी बात पर कायम रहते, जिसके आधार पर जनता ने उनको आशीर्वाद दिया था तो मानते की चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाले लोग हैं लेकिन जननायक चौधरी देवीलाल का नाम इस्तेमाल करके और आचरण ठीक उसके विपरीत करने का काम किया। इसलिए वह अपनी इस स्थिति के लिए खुद जिम्मेदार हैं। इनेलो और बसपा के गठबंधन पर पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि दोनों मजबूत पार्टियां हैं। कभी भी विपक्षियों को कम नहीं आंकना चाहिए और दोनों ने अतीत में भी मिलकर चुनाव लड़ा है। हम किसी भी विपक्ष के साथी को हलके में नहीं लेना चाहते। वह अपने आधार पर जनता के बीच जाकर अपना वोट मांगेंगे।

बीरेंद्र सिंह को कांग्रेस में नहीं मिला सम्मान

बीरेंद्र सिंह के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जाने पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि बीरेंद्र सिंह के साथ मेरी सहानुभूति है। भारतीय जनता पार्टी ने जो उनको मान सम्मान दिया। इस पूरे इलाके को देख कर जो उनको इज्जत दी। केंद्र में मंत्री बनाया, बृजेंद्र सिंह को सांसद बनाया, प्रेमलता सिंह को विधायक बनाया। पार्टी ने अपने निर्णयों से अलग हट कर हर प्रकार से उनका मान सम्मान दिया। जो उनको कांग्रेस में 40 वर्ष में नहीं मिला, वह भारतीय जनता पार्टी ने चार साल में दिया। अब उनकी यह हालत हो गई कि कांग्रेस ने उनके बेटे को लोकसभा टिकट के लायक भी नहीं समझा। वह विश्वास के साथ कह सकते हैं कि भाजपा ने जो उनका मान सम्मान दिया, कांग्रेस में वह मान सम्मान कभी नहीं मिल सकता।

बृजेंद्र सिंह भाजपा के नहीं समझ पाए संस्कार

पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के भाजपा पर जात-धर्म की राजनीति करने के सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मुझे लगता है कि वह भारतीय जनता पार्टी के पांच साल सांसद रहने के बाद भी भारतीय जनता पार्टी के संस्कारों को समझ नहीं पाए। वह पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, मैं उनसे अपेक्षा करूंगा कि वह अच्छी तरह से अध्ययन करके ईमानदारी से आकलन करें तो मैं उनकी सराहना करूंगा। इस मौके पर रामचंद्र जांगड़ा, बलवान शर्मा कापड़ो, सुभाष गोयत, सुभाष शर्मा, दशरथ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

5379487