जींद: जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर शनिवार को मतदान होना है। पांचों विधानसभा सीटों पर 77 उम्मीदवार अपनी किस्मत अजमा रहे है। यहां पर उचाना तथा जुलाना सीट हाट बनी हुई है, जिसके चलते दोनों सीटों पर उतरे दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। उचाना सीट पर किसान मसीहा के वंशज जजपा से पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, कांग्रेस से पूर्व सांसद बृजेंद्र सिह चुनाव मैदान में है। जबकि भाजपा के देवेंद्र अत्री के अलावा निर्दलीय भी किस्मत आजमा रहे है।

जुलाना में देखने को मिलेगा घमासान

जुलाना विस पर कुश्ती अखाडे़ को छोड़ राजनीतिक अखाड़े में ओलंपियन विनेश फोगाट कांग्रेस की टिकट पर अपनी जोर आजमाइश कर रही है। यहां भाजपा ने कैप्टन योगश को उतारा है, यहीं से डब्लूडब्लूई की महिला रेसलर भी अपने दांव पेंच आम आदमी टिकट पर आजाम रही है। नरवाना सुरिक्षत सीट पर भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके कृष्ण बेदी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जींद विस में दो राजनीतिक परिवार आमने-सामने हैं। सफीदों विस पर मुकाबला रोचक बना हुआ है। नरवाना सीट को छोड़कर चार विस पर भाजपा तथा कांग्रेस के बीच मुकाबला बना हुआ है। नरवाना सीट पर भाजपा तथा इनेलो के बीच टक्कर बनी हुई।

भाजपा व कांग्रेस को मुश्किल में डाल रहे निर्दलीय

जींद विधानसभा सीट पर वर्तमान विधायक भाजपा उम्मीदवार डॉ. कृष्ण मिड्ढा तो कांग्रेस से पूर्व मंत्री स्व. मागेराम गुप्ता के बेटे महावीर गुप्ता चुनाव मैदान में हैं। यहां निर्दलीय प्रदीप गिल राजनीतिक समीकरण बिगाड़ने का काम कर रहे हैं और मुकाबले को तिकोना बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यहां पर इनेलो ने नरेंद्रनाथ शर्मा और जेजेपी ने धर्मपाल प्रजापत को मैदान में उतारा है, जबकि आम आदमी पार्टी से वजीर ढांडा मैदान में हैं। एक ओर जहां निर्दलीय प्रदीप गिल कांग्रेस को नुकसान पहुंचाते हुए नजर आते हैं, वहीं इनेलो उम्मीदवार नरेंद्र नाथ शर्मा, जेजेपी के उम्मीदवार धर्मपाल प्रजापत भाजपा उम्मीदवार को डेंट देते नजर आ रहे हैं।

उचाना हाट सीट पर भाजपा व काग्रेस में टक्कर

उचाना विधानसभा सीट को हाट सीट माना जाता है। यहां पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का भाजपा के देवेंद्र अत्री के साथ मुकाबला है। यहां कांग्रेस के बागी उम्मीदवार वीरेंद्र घोघड़िया तथा विकास काला उनके समीकरण बिगाड़ रहे है। हालांकि जजपा से पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी मैदान में है, उन्हें वर्तमान चुनाव में अधिक गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। हालात यहां पर काफी तनाव वाले है। मजबूत जाट उम्मीदवारों के बीच में भाजपा ने गैर जाट कार्ड खेल कर मुकाबले को रोचक बनाने का प्रयास किया है। निर्दलीय वीरेंद्र घोघड़िया व विकास काला ने पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के लिए राह मुश्किल करने का काम किया हुआ है।

नरवाना सुरक्षित पर इनेलो व भाजपा में मुकाबला

नरवाना सुरक्षित सीट पर इनेलो उम्मीदवार विद्यारानी दनौदा का भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी के साथ मुकाबला बना हुआ है। कांग्रेस उम्मीदवार सतबीर दबलैन समीकरण बदलने का प्रयास कर रहे हैं। विद्या रानी दनौदा पूर्व में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ती रही हैं। दो बार चुनाव हारने के बाद इस बार कांग्रेस ने उन पर विश्वास व्यक्त नहीं किया लेकिन उन्हें इनेलो ने मैदान में उतार दिया। बिनैन खाप उनके साथ खड़ी हुई है। जजपा ने यहां पर भाजपा की टिकट न मिलने पर संतोष दनौदा को मैदान में उतारा है। पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी भाजपा की टिकट पर मैदान में हैं।

हॉट सीट जुलाना में कांग्रेस व भाजपा में मुकाबला

जुलाना विधानसभा सीट पर कांग्रेस से ओलंपियन विनेश फोगाट तो भाजपा से कैप्टन योगेश बैरागी के साथ सीधा मुकाबला बना हुआ है। भाजपा की टिकट न मिलने पर बागी होकर इनेलो की टिकट पर मैदान में आए डॉ. सुरेंद्र लाठर राजनीतिक समीकरणों को बदलने और मुकाबले को तिकोना बनाने का प्रयास करते हुए नजर आते हैं। विनेश यहां पर स्टारडम प्रत्याशी के रूप में सामने आई है। कैप्टन योगेश के लिए भी राह आसान नहीं है। यहां मुकाबला काफी खींचा हुआ नजर आ रहा है। यहां पर आम आदमी पार्टी डब्लूडब्लूई पहलवान कविता दलाल, जजपा के विधायक अमरजीत ढांडा सबसे बडे़ वोट बैक में सेंध मारी कर रहे हैं।

सफीदों में कांग्रेस व भाजपा में टक्कर

सफीदों विधानसभा सीट पर कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार रामकुमार गौतम के साथ है। यहां पर पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य और पूर्व विधायक जसवीर देशवाल निर्दलीय मैदान में हैं। दोनों राजनीतिक समीकरणों को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। यहां राजनीतिक हवा कांग्रेस और भाजपा से अलग निर्दलीय के पक्ष में नहीं बन पा रही है। यहां पर रामकुमार गौतम को बच्चन सिंह आर्य के मैदान में होने के कारण बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं जसवीर देशवाल सुभाष गांगोली को डेंट दे रहे हैं।