Logo
Jind News: जींद के सफीदों में राजकीय कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा की प्रार्थना के दौरान चक्कर आने से मौत हो गई।

Jind News: जींद के सफीदों में राजकीय कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा की आज यानी 19 अक्टूबर शनिवार को प्रार्थना सभा के दौरान चक्कर आने से मौत हो गई। लड़की की हालत को देखकर स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन आनन फानन में छात्रा को सफीदों के नागरिक अस्पताल में लेकर आया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। छात्रा की मौत का कारण बीपी लॉ होना बताया जा रहा है।

प्रार्थना के दौरान आया था चक्कर 

जानकारी के मुताबिक, छात्रा की पहचान गांव बहादुरपुर निवासी प्रियंका (17) के रूप में हुई है। प्रियंका रोज की तरह अपनी सहेलियों के साथ गांव से पैदल ही सफीदों के राजकीय कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल में पढ़ने के लिए आई थी। प्रार्थना के दौरान प्रियंका को अचानक चक्कर आ गया और वह गिर गई। स्कूल के प्राचार्य बलजीत सिंह लांबा एवं अन्य स्टाफ उसे तत्काल सफीदों के नागरिक अस्पताल में लेकर आया, जहां इलाज के दौरान प्रियंका का बीपी डाउन होता चला गया और उसकी मृत्यु हो गई। 

प्राचार्य बलजीत सिंह लांबा का कहना है कि प्रियंका का बीपी अचानक से लॉ हो गया था। स्कूल स्टाफ ने उसके हाथ-पैर भी मसले और उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बलजीत सिंह लांबा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है, प्रियंका को पहले भी एक-दो बार चक्कर आए हैं लेकिन उसने कभी भी स्कूल प्रशासन को नहीं बताया।

Also Read: रोहतक में दर्दनाक सड़क हादसा, छात्रा को बेकाबू ट्रक ने कुचला, 9वीं की छात्रा ने मौके पर तोड़ा दम

बेटी की मौत पर पिता ने क्या कहा ?

वहीं लड़की के पिता विजेंद्र कुमार का कहना है कि प्रियंका बीपी लो हो जाता था, पहले भी उसके साथ ऐसा हुआ है। बच्ची के पिता का कहना है कि वह आज घर से नाश्ता करके स्कूल गई थी, अपनी दादी  से उसने जेब खर्ची के लिए 10 रूपए भी लिए थे। प्रियंका की 4 बहनें और भाई है,जिनमें प्रियंका तीसरे नंबर की बेटी थी।घटना के बारे में पता लगते ही गांव बहादुरपुर से काफी तादाद में ग्रामीण व परिजन अस्पताल परिसर में पहुंच गए।परिजनों का बेटी की मौत को लेकर रो-रोकर बुरा हाल है।   

5379487