Logo
हरियाणा के कैथल में सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि हुड्डा राज में भोले-भाले किसानों की जमीनों को कोडियों के भाव हड़प लिया और उल्टा किसानों पर ही केस दर्ज करवाकर दामाद को खुश करने में लगे रहते थे।

कलायत/केथल: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने म्हारा हरियाणा-नॉन-स्टॉप हरियाणा जन आशीर्वाद रैली के दौरान कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया। नायब सैनी ने कहा कि हुड्डा हमारा हिसाब मांगते घूम रहे हैं, लेकिन हुड्डा के 10 साल के कार्यकाल के एक-एक मिनट का हिसाब उनके पास है। किस तरह दलितों के घरों को जलाया, किस तरह युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया। पंजाबियों पर अत्याचार किए। हुड्डा राज में भोले-भाले किसानों की जमीनों को कोडियों के भाव हड़प लिया और उल्टा किसानों पर ही केस दर्ज करवाकर दामाद को खुश करने में लगे रहते थे। ऐसे आदमी हमारा हिसाब मांग रहे हैं, जिनका खुद का हिसाब ही बिगड़ा पड़ा है।

पंजाबी समाज ने देश को खून से सींचा

नायब सैनी ने कहा कि पंजाबी समाज ने अपने खून से इस देश को सींचा है, उन पर कांग्रेस राज में कितने अत्याचार किए गए। अत्याचार सहकर भी वे देश को आगे बढ़ाने में लगे रहे, लेकिन आज कांग्रेस, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके पुत्र उसी पंजाबी समाज के बारे में कहते हैं कि ये हमारी संस्कृति से मेल नहीं खाते, हुड्डा ने पंजाबियों को बाहरी बताकर उनका अपमान किया। पंजाबी समाज उन्हें माफ नहीं करेगा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा जनता को बरगला रहे हैं और अनाप-शनाप झूठ बोल रहे हैं। हुड्डा भाजपा के 10 साल का हिसाब मांग रहे हैं, मेरे 70 दिनों का हिसाब भी इनसे सुना नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री का शायराना अंदाज

मुख्यमंत्री ने शायराना अंदाज में कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल में कसक है, चेहरे पर नकाब लिए फिरते हैं, जिनके खुद के खाते खराब हैं, वो मेरा हिसाब लिए फिरते हैं। जिस पंजाबी समाज ने हरियाणा को सींचा है, उनको हुड्डा साहब बाहर का बता रहे हैं। अबकी बार फिर जनता इनको सबक सिखाने का काम करने जा रही है। आने वाली एक अक्टूबर को प्रदेश की जनता विकास को वोट देकर और झूठ फैलाने वाले विपक्ष को चोट देकर 4 अक्टूबर को तीसरी बार हरियाणा में कमल खिलाने जा रही है।

भर्ती रोको गैंग को लगेगी युवाओं की बद्दुआ

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने एक भर्ती रोको गैंग बना रखा है। कल ही कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग और हाईकोर्ट के पास गए, जिसके बाद चुनाव आयोग ने भर्ती पर रोक लगा दी। ये इतना बड़ा पाप कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने किया। हमने एचकेआरएन के 1 लाख 20 हजार युवाओं की नौकरी एक कलम से सुरक्षित कर दी। टीजीटी की भर्ती भी की, दूसरी नौकरियां भी दी। लेकिन कांग्रेस में हुड्डा का भर्ती रोको गैंग काम करता है। हम भर्ती करते हैं भर्ती रोको गैंग हाईकोर्ट पहुंच जाता है। हाल में युवाओं की भर्ती होनी थी, लेकिन यही भर्ती रोको गैंग चुनाव आयोग के पास पहुंच गया। चुनाव आयोग को भर्ती पर रोक लगानी पड़ी। इस गैंग को युवाओं की बद्दुआएं लगेगी।

हुड्डा को जनता ने बाहर किया

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस जो झूठ फैलाने का काम कर रही है, भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस को साल 2014 में प्रदेश की जनता ने जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को देखते हुए सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था। सत्ता से जाने से पहले हुड्डा ने ऐलान किया था कि 1000 रुपए पेंशन देंगे, इसको भी भाजपा सरकार ने देने का काम किया था। देश में हरियाणा के बुजुर्गों को सबसे ज्यादा सम्मान भत्ता देने का काम भाजपा सरकार ने ही किया है। आज प्रदेश के बुजुर्गों को पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते, उनको घर बैठे उनके खाते में ही 3000 रुपये मिल जाते हैं। 2 लाख 50 हजार बुजुर्गों की घर बैठे पेंशन लगाने का काम भाजपा सरकार ने किया है।

5379487