Logo
हरियाणा के कैथल में दो मुंह वाले सांप की खरीद-फरोख्त में मोटे मुनाफे का लालच देकर पांच व्यक्तियों ने दो प्रॉपर्टी डीलरों को 68 लाख 50 हजार रुपए का चूना लगाया। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

कैथल: दो मुंह वाले सांप की खरीद-फरोख्त में मोटे मुनाफे का लालच देकर पांच व्यक्तियों ने दो प्रॉपर्टी डीलरों को 68 लाख 50 हजार रुपए का चूना लगाया। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलरों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं पीड़ित

अमरगढ़ गामड़ी कैथल के दयानंद ने बताया कि वह गांव जाखौली के सुरेश के साथ मिलकर प्रॉपर्टी का काम करता है। छह माह से गंगोह जिला सहारनपुर यूपी के संदीप गुप्ता का उनके करनाल रोड स्थित कार्यालय में आना-जाना था। 10 दिन पहले संदीप गुप्ता अपने दोस्त सहारनपुर निवासी आशु, समस्तपुर कलां सहारनपुर निवासी मोहम्मद इरसाद व अहसान को लेकर उनके कार्यालय में आया। आरोपी ने कहा कि दो मुंह वाला सांप मिल रहा है जो साढ़े चार करोड़ रुपए का मिलेगा। वह आगे 10 करोड़ रुपए का बिक जाएगा। वे यह सौदा पार्टनरशिप में कर लेंगे। इस पर उसने अपने दोस्त सुरेश से बातचीत की और सौदा करने को तैयार हो गए।

यूपी में सांप का सौदा किया तय

दयानंद ने बताया कि आशु ने नूर मोहम्मद से बातचीत की, जिससे वह सांप खरीदना था। इसके बाद वे यूपी में एकत्रित हुए, जहां पर दो मुंह वाले सांप के सौदे को लेकर डील हुई। आशु ने उनको एक करोड़ रुपए तैयार रखने के लिए कहा और साथ ही बाकी साढ़े तीन करोड़ रुपए स्वयं तैयार करने की बात कही। ऐसा कहकर आरोपी आशु पांच जून को उनसे 68 लाख 50 हजार रुपए ले गया। 21 जून को आरोपी ने उन्हें सहारनपुर बुला लिया और सारी पेमेंट नूर मोहम्मद को दे दी। नूर मोहम्मद ने उनको दो मुंह वाला सांप दे दिया। फिर आशु उस सांप को बिकवाने के लिए उन्हें चंडीगढ़ ले गया।

आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी

दयानंद ने बताया कि आशु ने चंडीगढ़ में सांप को चैक किया तो वह मरा हुआ था। आरोपी ने कहा कि अब यह नहीं बिकेगा। इसके बारे में नूर मोहम्मद से बात की तो आरोपी ने उन्हें फिर सहारनपुर बुला लिया। सहारनपुर जाकर उन्हें शक हुआ कि सभी आरोपी मिले हुए हैं और उनके साथ ठगी की है। जब उन्होंने आरोपियों से अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने कहा कि वे रुपए वापस दे देंगे। अब रुपए मांगने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस धोखाधड़ी में आरोपियों के साथ एक लड़की भी शामिल थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

5379487