Logo
हरियाणा के कैथल में शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस परिवारों की पार्टी है, दिल्ली में मां-बेटे और हरियाणा में पिता-पुत्र की पार्टी है। ये 2जी घोटाला करते हैं, 3जी घोटाला करते हैं, 4जी घोटाला करते हैं और जीजाजी घोटाला भी करते हैं।

कैथल: केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस परिवारों की पार्टी है, दिल्ली में मां-बेटे और हरियाणा में पिता-पुत्र की पार्टी है। ये 2जी घोटाला करते हैं, 3जी घोटाला करते हैं, 4जी घोटाला करते हैं और जीजाजी घोटाला भी करते हैं। सस्ती जमीन देकर ये लोग हरियाणा को बेचने का काम करते हैं। कांग्रेस का जनता के सुख-दुख और राज्य के विकास से कोई वास्ता नहीं है। ये केवल अपने परिवार का ही भला कर सकते हैं और इसलिए हरियाणा में फिर से भाजपा की सरकार बनाना है। शिवराज कैथल के गुहला में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

हरियाणा को किसी दामाद का नहीं बनने देंगे दहेज

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस 3सी और 3डी की सरकार चलाती है। 3सी का मतलब है क्राइम, कमीशन और करप्शन। जब-जब कांग्रेस की सरकार आई, तब-तब अपराध, भ्रष्टाचार बढ़ा है। 3डी का मतलब डीलर, दलाल और दामाद। शिवराज सिंह ने कहा कि हरियाणा को किसी दामाद का दहेज नहीं बनने देंगे। कांग्रेस पार्टी आरक्षण विरोधी है, दलित विरोधी है और ओबीसी विरोधी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं। राहुल अमेरिका गए थे, वहां कह कर आए हैं कि जैसे ही हमें मौका मिलेगा, हम आरक्षण खत्म कर देंगे। कांग्रेस के लोग कहते कुछ है और करते कुछ हैं। कांग्रेस के झांसे में मत आना, कांग्रेस केवल झूठे वादे करती है।

दिल्ली में दोस्ती, हरियाणा में कुश्ती

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिल्ली में मां-बेटे की पार्टी और हरियाणा में पिता-पुत्र की पार्टी है। पिता-पुत्र में भी होड़ मची है कि आखिर मुख्यमंत्री कौन बनेगा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहते हैं कि अभी तो मैं जवान हूं और दीपेन्द्र सिंह हुड्डा कहते हैं कि बापू सेहत के लिए हानिकारक है। कांग्रेस अजीब पार्टी है, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में दोस्ती करते हैं और हरियाणा में कुश्ती करते हैं। यह गठबंधन नहीं ठगबंधन है। ये अपने स्वार्थ के लिए गठबंधन करते हैं। एक तरफ सैलजा नाराज हैं, दूसरी तरफ रणजीत सुरजेवाला अलग रण में खड़े हैं। ये सब आपस में ही लड़ रहे हैं, जनता की सेवा क्या करेंगे।

लाडो योजना के तहत बहनों को मिलेंगे 2100

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हरियाणा की बहनों के जीवन में अंधेरा नहीं रहने देंगे, उनकी जिंदगी में रोशनी लाएंगे। हर गरीब बहन को भी मुस्कुराने का अधिकार है, इसलिए हरियाणा में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही लाडो योजना के तहत बहनों के खाते में प्रति माह 2100 रुपए की राशि दी जाएगी। इतना ही नहीं, यहां बहनों को रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। बेटियों को स्कूटी दी जाएगी। यह भाजपा का वचन और संकल्प है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जितने भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाएंगे।

5379487