Logo
हरियाणा के करनाल में सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही झूठ बोलना है। झूठ बोलकर ये जनता के वोट लेते हैं और फिर जनता का शोषण करते हैं। कांग्रेस झूठ पर जिंदा है। कांग्रेस पार्टी और इसके नेता सिर्फ एक परिवार के लिए वफादार हैं।

करनाल: नीलोखेड़ी की तरावड़ी अनाज मंडी में म्हारा हरियाणा नॉन स्टॉप हरियाणा जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही झूठ बोलना है। झूठ बोलकर ये जनता के वोट लेते हैं और फिर जनता का शोषण करते हैं। कांग्रेस झूठ पर जिंदा है। कांग्रेस पार्टी और इसके नेता सिर्फ एक परिवार के लिए वफादार हैं। जम्मू कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के साथ हुए गठबंधन ने कांग्रेस की पोल खोली और वहां आतंकवादियों को सम्मान देने की बात कही है, इसे मेनिफेस्टो में भी दर्ज किया है।

आतंकवादियों की पक्षधर कांग्रेस

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है। जवान अपनी जान की बाजी लगाकर आतंकवादियों से लोहा लेते हैं और कांग्रेस उन्हीं आतंकवादियों को सम्मान देने की बात कर रही है। राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा क्या देश के जवान को एक तरफ रखकर आतंकवादियों को सम्मान देने के पक्षधर हैं। हरियाणा के सैनिक जवान कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेंगे। कांग्रेस के पास न कहने को कुछ है न बोलने को। जब कुछ नहीं बचा तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे हिसाब मांगों यात्रा लेकर निकल पड़े।

शायराना अंदाज में किया कटाक्ष

नायब सैनी ने शायराना अंदाज में कांगेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल में कसक है, चेहरे पर नकाब लिए फिरते हैं, जिनके खुद के खाते खराब हैं, वो हमारा हिसाब लिए फिरते हैं। हम तो हर साल जनता के बीच में जाकर हिसाब देते हैं, लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा 10 साल मुख्यमंत्री रहे हैं, वे भी अपना हिसाब दें। जनता को बताएं कि किस तरह कांग्रेस के राज में दलितों की बस्तियों को फूंका गया, दलितों को पलायन के लिए क्यों मजबूर किया गया। किसानों की जमीन क्यों दामाद को खुश करने के लिए लूटी गई, किसानों पर गोलियां क्यों चलाई गई। जनता कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कभी माफ नहीं करेगी।

पेंशन के लिए धक्के खाते थे बुजुर्ग

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में बुजुर्ग पेंशन बनवाने के लिए धक्के खाते थे। पेंशन बन भी जाती थी तो अधिकारियों को खर्चा देना पड़ता था। हुड्डा बताएं कि कितनी पेंशन अपने कार्यकाल में बनवाई। कर्मचारियों के ट्रांसफर में भ्रष्टाचार होता था, आज एक बटन से कर्मचारी ट्रांसफर ले सकते हैं। लाखों लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए। चिरायु योजना चलाकर गरीब लोगों का इलाज करवाने की मुफ्त सुविधा दी। लेकिन कांग्रेस के शासन में ऐसी कोई योजना नहीं थी।

लोकसभा चुनाव में संविधान को लेकर फैलाया भ्रम

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति झूठ और भ्रम फैलाने वाली है। कांग्रेस के नेताओं को लोकसभा चुनाव में जब कोई मुद्दा नहीं मिला तो राहुल गांधी पवित्र संविधान को ही उठा लाए। कांग्रेस ने झूठ फैलाया कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान को बदल देंगे। सबसे बड़ा झूठ घर-घर जाकर यह फैलाया कि कांग्रेस को वोट दोगे तो 8500 रुपए खाते में खटाखट आएंगे, लेकिन हुआ कुछ नहीं। कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया।

पंजाबी समाज अपमान नहीं भूलेगा

रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हुड्डा ने पंजाबी समाज का अपमान किया है। ये कहते हैं कि पंजाबी समाज पता नहीं कहां से आए हैं, इनसे हमारी संस्कृति मेल नहीं खाती। जिस पंजाबी समाज ने देश की उन्नत्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया, उस देशभक्त पंजाबी समाज के बारे में कांग्रेस ने अपशब्द कहे। पंजाबी समाज अपना अपमान कभी नहीं भूलेगा और कांग्रेस को सत्ता से हमेशा बाहर रखेगा।

5379487