करनाल में 46.2 प्रतिशत मतदान : कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटे होने के लगाए आरोप, एडीसी से शिकायत

करनाल जिले में छिटपुट घटनाओं के बीच रविवार को नगर निकाय चुनाव कड़ी सुरक्षा और व्यवस्था के साथ सम्पन्न हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के ई-डेशबोर्ड के अनुसार करनाल नगर निगम में 46.2 प्रतिशत मतदान हुआ।;

Update:2025-03-02 21:26 IST
करनाल नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी वोट डालने के बाद।congress candidate manoj vadhwa
  • whatsapp icon

Karnal Municipal Corporation elections : करनाल जिले में छिटपुट घटनाओं के बीच रविवार को नगर निकाय चुनाव कड़ी सुरक्षा और व्यवस्था के साथ सम्पन्न हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के ई-डेशबोर्ड के अनुसार करनाल नगर निगम में 46.2 प्रतिशत, इन्द्री नगर पालिका में 72.7 प्रतिशत, नीलोखेड़ी नगर पालिका में 67.4 प्रतिशत, असंध में प्रधान पद के लिए 33.2 प्रतिशत और तरावड़ी के वार्ड उपचुनाव में 76.4 प्रतिशत मतदान हुआ।

कांग्रेस समर्थित वोटरों को मतदान करने से रोका

कांग्रेस मेयर उम्मीदवार मनोज वधवा की पत्नी आशा वधवा ने कहा कि कांग्रेस समर्थित वोटरों को मतदान करने से रोका गया। कई जगहों पर वोटर लिस्ट में मतदाताओं के नाम ही गायब कर दिए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने जिला सचिवालय पहुंचकर एडीसी एवं निर्वाचन अधिकारी यश जालुका से शिकायत की। कांग्रेस का आरोप है कि यह छेड़छाड़ केवल एक बूथ तक सीमित नहीं है। अगर हर बूथ से 50 वोटर भी बाहर कर दिए गए हैं तो 20 वार्डों में हजारों मतदाता मतदान से वंचित हो गए होंगे। वधवा ने बताया कि इस पर एडीसी ने भी माना कि यह गलती विभाग की तरफ से हुई है। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी का कहना है कि यह गलती नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई साजिश है ताकि कांग्रेस के वोटरों को वोट डालने से रोका जा सके।

वार्ड नंबर बदलने के कारण वोटर परेशान

वहीं, वार्ड नंबर बदलने के कारण वोटर परेशान होते रहे। उन्होंने कहा कि कोई कर्मचारी नहीं बता रहा है कि कहां वोट करना है। इसके चलते परेशान होते रहे और समय पर वोट नहीं डाल पाए।

वोट किसी का डाल गया कोई और

वार्ड नंबर-18 में वोट डालने आए व्यक्ति और एक महिला ने कहा कि उनका वोट पहले ही कोई अन्य व्यक्ति डाल कर चला गया है। इसके चलते उन्हें वोट नहीं डालने दिया।

वार्ड-2 में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण हंगामा

करनाल के वार्ड-2 में ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी के कारण हंगामा हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी के प्रतिनिधि विकास पांचाल ने आरोप लगाया कि सुबह से ईवीएम का बटन काम नहीं कर रहा था। न तो समय पर उसे कोई ठीक करने आया और न ही पोलिंग रोकी गई। विकास पांचाल ने भी बीजेपी व प्रशासन पर साठगांठ का आरोप लगाया। हालांकि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का कहना है कि मशीन में खराबी आई थी, लेकिन उसको 10 मिनट बाद ही ठीक कर दिया गया था। 

वोटर लिस्ट में नाम किसी का फोटो किसी का

वहीं वार्ड 2 के ही एक मतदाता लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी वोटर लिस्ट पर्ची में बीजेपी के युवक की फोटो लगी हुई है और उसका नाम भी लक्ष्मण सिंह है। पीड़ित ने चुनाव आयोग में शिकायत करने की बात कही है।

कांग्रेस ने धांधली के लगाए आरोप

कांग्रेस मेयर उम्मीदवार मनोज वधवा ने मतदान के बाद भाजपा पर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए हैं। वधवा ने कहा कि हमारे टेंट हटवाकर भाजपा अपने बस्ते लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड-2 में खुद गया और आर्य पब्लिक स्कूल से भी कॉल आया कि मतदान के बाद स्याही का निशान नहीं लगाया गया। बूथ-8 में ईवीएम मशीन को बंद कर दिया गया। शासन और प्रशासन गुंडागर्दी पर उतरा हुआ है।
 

Similar News