कुरुक्षेत्र: परसराम कॉलोनी का रहने वाला शुभम अचानक लापता हो गया। शुभम के जूते किरमच हैड पर नहर किनारे पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि छात्र नहर में डूब गया है। उन्होंने मामले में पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। वहीं, मौके पर गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे और नहर में सर्च अभियान चलाया। अभी तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया है। टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

स्कूल के लिए घर से निकला था छात्र

जानकारी अनुसार शुभम शुक्रवार सुबह सात बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। स्कूल पहुंचकर वह अपने चार दोस्तों के साथ किरमच हैड पर पहुंच गया। जब युवक शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजनों ने स्कूल में संपर्क किया तो पता चला कि वह स्कूल नहीं आया। परिजनों ने गोताखोर प्रगट सिंह का फेसबुक अकाउंट देखा, जिसमें प्रगट सिंह छात्र के दो जूते दिखा रहा था। परिजनों ने जूतों की पहचान की और उसके बाद प्रगट सिंह से संपर्क किया। गोताखोर प्रगट सिंह ने शनिवार को टीम के साथ नहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं लगा।

दो युवकों के नहर में डूबने की आशंका

नरवाना ब्रांच नहर में अलग-अलग जगहों पर दो युवकों के संदिग्ध परिस्थतियों में नहर में डूबने की आशंका है। गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि दबखेडी हैड पर एक युवक सोनू ने पहले लाइव आकर अपनी वीडियों बनाई, फिर उस वीडियो को इंस्टाग्राम स्टोरी पर लगाया और उसके बाद आत्महत्या कर ली। सोनू के परिजन उनके पास पहुंचे। सोनू हंसाला का रहने वाला है और पेंट का काम करता था। वही दूसरी घटना में एक 21 वर्षीय युवक के नहर में डूबने की आशंका है। युवक ने मिर्जापुर हैड पर आत्महत्या की है। गोताखोर प्रगट सिंह व उनकी टीम युवकों के परिजनों के साथ दिनभर नहर में सर्च अभियान चलाती रही, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।