AAP Candidate Sushil Gupta: आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। इस बीच इंडिया गठबंधन का घटक दल आम आदमी पार्टी के हिस्से में आई हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से आप ने डॉ. सुशील कुमार गुप्ता के नाम का ऐलान किया है। प्रत्याशी बनाए जाते ही सुशील गुप्ता चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। उन्होंने आज 28 फरवरी को कैथल में सुबह 8 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, इसके बाद 10 बजे कुरुक्षेत्र में कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक की। बाद में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया की ट्रेनिंग देने के लिए कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला पहुंचे।  

कांग्रेस नेता से मिले सुशील गुप्ता 

आप प्रत्याशी सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कैथल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी जयप्रकाश से भी मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी जयप्रकाश से मुलाकात और बातचीत काफी सकारात्मक रही। उन्होंने हमें चुनाव में अपना पूरा समर्थन और प्रचार में सहयोग करने का भरोसा दिलाया। गुप्ता ने कहा कि बीजेपी ने पूरे प्रदेश में हर जगह अपराध, भ्रष्टाचार और लूटमार फैला रखा है। कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर अन्याय का नाश हुआ था और हम ‘I.N.D.I.A गठबंधन’ वाले इसी पवित्र धरती से भाजपा को सत्ता से बेदखल कर हरियाणा में 10 की 10 सीटों को ‘I.N.D.I.A गठबंधन’ की झोली में डाल क्लीन स्वीप करेंगे।

कैथल में कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत 

बता दें कि कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से डॉ. सुशील गुप्ता के नाम के ऐलान होने के बाद वे जनता के बीच सक्रिय हो गए हैं। आज कैथल पहुंचने पर आप के कार्यकर्ताओं ने सुशील गुप्ता का जोरदार स्वागत किया। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने एक पोस्ट में कुछ कार्यकर्ताओं के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा कि कुरुक्षेत्र जाते समय साथियों और कार्यकर्ताओं ने मुलाक़ात कर स्वागत किया। इस बार हरियाणा में बदलाव का शंखनाद हम कुरुक्षेत्र से करेंगे। आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता खासे उत्साहित हैं और वे कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रचार में रात-दिन एक किए हुए हैं। आपकी मेहनत और लगन हमें आशान्वित करती है कि हम कुरुक्षेत्र की जनता की सेवा करने में सफल होंगे। 

ये भी पढ़ें:- आप के सुशील गुप्ता 'कुरुक्षेत्र' का रण जीत पाएंगे या नहीं? आंकड़ों से समझिये