Anurag Dhanda Blame Congress: लोकसभा चुनाव के नतीजे को घोषित हुए अभी एक सप्ताह भी नहीं बीते हैं तब तक हरियाणा में AAP और कांग्रेस के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरु हो गया है। दरअसल, हरियाणा में कांग्रेस के साथ गठबंधन पर लड़ी आम आदमी पार्टी ने हार का ठीकरा कांग्रेस के सिर पर फोड़ दिया है। गौरतलब है कि प्रदेश में AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन था और कुरुक्षेत्र सीट पर गठबंधन उम्मीदवार को उताया गया था।

गठबंधन के प्रत्याशी सुशील गुप्ता इस चुनाव में भाजपा के नवीन जिंदल से हार गए थे। अब इस पर AAP अनुराग ढांडा ने कांग्रेस पर भीतरघात करने का आरोप लगाया है। हालांकि, सुशील गुप्ता ने ढांडा के इस बयान को उनका निजी बयान बताया है। 

सुरजेवाला के बूथ पर हारा इंडिया गठबंधन

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने आज शुक्रवार को कैथल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से मिली हार पर कांग्रेस नेताओं पर भितरघात के आरोप लगाते हुए कहा कि खुद रणदीप सुरजेवाला के बूथ पर इंडिया गठबंधन हार गया। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर भी अनुराग ढांडा ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'हुड्डा साहब' ज्यादा अहंकार में आने की जरूरत नहीं है। अपनी स्थिति में रहिए, क्योंकि आज भी सरकार बनाने के नंबर आपके पास नहीं हैं।

ढांडा ने आगे कहा कि कांग्रेस AAP की भ्रूण हत्या करना चाहती थी, लेकिन वो नाकामयाब साबित हुई। जहां कांग्रेस के नेताओं ने प्रचार किया गठबंधन वहीं बहुत बड़े अंतर से हारा है, जहां आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मेहनत की वहां से हम जीत गए। कांग्रेस के दिग्गज चेहरे कैमरे के सामने आकर कहें की उनसे गलती हुई है. हम जनता की पसंद बन चुके हैं।

ये भी पढ़ें:- हरियाणा में न मोदी का जादू चला, न इंडिया गठबंधन और जजपा-इनेलो का, जानिये नोटा को कहां से कितने मिले वोट

क्या बोले सुशील गुप्ता 

AAP को इनेलो ,बसपा और जजपा से ज्यादा वोट मिले हैं। AAP नेता ने कहा कि इन लोकसभा सीटों पर विधानसभा में बदलकर देखें तो 9 सीटों पर लड़ने वाली कांग्रेस को 42 सीटों पर बढ़त मिली है, 44 सीटों पर बीजेपी और 4 सीटें आम आदमी पार्टी ने जीती हैं। इसका मतलब बिना आम आदमी पार्टी के किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं है।

वहीं, कुरुक्षेत्र के गठबंधन के प्रत्याशी रहे सुशील गुप्ता ने AAP नेता अनुराग ढांडा के बयान को निजी बयान बताया है। सुशील गुप्ता ने कहा की आज कैथल में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा द्वारा दिए गए बयान से आम आदमी पार्टी का कोई भी लेना-देना नहीं है।