Logo
हरियाणा के जींद में बुधवार सुबह जींद कैथल मार्ग पर पशु को बचाने के प्रयास में टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिकअप पर सवार 16 यात्री घायल हो गए। ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जींद। जींद- चंडीगढ़ मार्ग पर गांव कंडेला व शाहपुर के बीच बुधवार सुबह अचानक सड़क पर आए पशु को बचाने के प्रयास में टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में महिलाओं समेत 16 लोग घायल हो गए। घायलों में बालू निवासी ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना से आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कैथल के गांव बालू से टॉटा मैजिक में सवार होकर जींद के हनुमान नगर एक शोक सभा में शामिल होने आ रहे थे।

चीख पुकार से मचा हड़कंप 

जींद कैथल मार्ग पर शाहपुर व कंडेल के बीच टाटा मैजिक के पेड़ से टकराने के बाद मची चीखपुकार से आसपास हड़कंप मच गया। लोग अपने काम छोड़कर घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बचाना शुरू कर दिया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के समय गाड़ी में महिलाओं सहित करीब डेढ़ दर्जन लोग सवार थे।

हादसे में यह हुए घायल

जींद कैथल मार्ग पर शाहपुर व कंडेला के बीच हुए हादसे में कैथल के गांव बालू निवासी बाला पत्नी पाले राम, कमलेश पत्नी रमेश, किताबो पत्नी कृष्ण, बाला देवी, जिले सिंह, बलवान, धोला राम, ज्योती,  सुदेश पत्नी मदन, कृष्णा पत्नी सीताराम, सतबीर पुत्र सीताराम, ओमी पत्नी लीलाराम, मंगती देवी, मीना पत्नी मनी राम, कैथल निवासी महेंद्र सिंह, संतरी पत्नी महेंद्र सिंह घायल हुए। गांव बालू निवासी चालक सुरेश की हालत भी गंभीर बनी हुई है। 

घायल जिले सिंह ने बताई आपबीती 

गांव बालू निवासी घायल जिले सिंह ने बताया कि उसके जीजा बलवान की कुछ समय पहले मौत हो गई थी, जिसकी 13वीं बुधवार को थी। सभी टाटा एस में सवार होकर जींद के हनुमान नगर जा रहे थे। अचानक से सड़क पर कोई पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में हादसा हो गया। सदर थाना के एसआई रवि ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

5379487