योगेंद्र शर्मा, हरियाणा: प्रदेश के सभी जिलों में किसान संगठनों की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा में अलर्ट जारी कर दिया गया है। खुद (डीजीपी) हरियाणा पुलिस महानिदेशक वीसी के जरिए अफसरों को दिशा निर्देश जारी कर चुके हैं। खास तौर पर पंजाब से लगती सीमा वाले जिलों में कड़ी सुरक्षा का पहरा और बैरियर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस किसानों के दिल्ली कूच पर सख्ती बरतने की तैयारी भी कर रही है, जिसके लिए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए जा चुके है।

किसानों की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन हुआ अलर्ट 

बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा (किसान संगठनों) की ओऱ से 13 फरवरी को दिल्ली कूच का ऐलान किया गया है। जिसको देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। राज्य के पंजाब की सीमा से सटे जिलों में सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया गया है। कई जिलों में धारा 144 लगाए जाने की तैयारी है। डीजीपी शत्रुजीत कपूर इस बारे में वीसी के जरिए सभी पुलिस अफसरों को दिशा निर्देश जारी कर चुके हैं। किसान संगठनों द्वारा आंदोलन-दो की घोषणा की गई है। इसमें हरियाणा से सात संगठन, पंजाब से दस, हिमाचल प्रदेश से एक संगठन तैयारी करने में लगे हुए हैं। कुछ जिलों औऱ शहरों में ट्रैक्टर मार्च भी किसानों की ओऱ से निकाले जा रहे हैं। हरियाणा में सरदार गुरनाम सिंह चढूनी गुट ने इसमें शामिल होने से पहले ही इनकार कर दिया है।

18 किसान मजदूर संगठन दिल्ली कूच को तैयार

किसान मजदूर मोर्चा के नाम से संगठन तैयार कर कूच के लिए नेताओं ने एलान किया है। चंडीगढ़ के किसान भवन में भी किसान नेताओं और मजदूर संगठनों की ओर से गत सप्ताह एकत्र होकर दिल्ली कूच की रणनीति तैयार की थी। इसी को देखते हुए पंजाब से सटे जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, पंचकूला, चंडीगढ़ जैसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही खुफिया तंत्र भी मुस्तैदी के साथ नजर बनाए हुए है। जिलों में किसान संगठनों को लेकर भी पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संपर्क साधकर बातचीत जारी रखे हुए हैं।