Ambala Soldier Martyred: अंबाला के शेरपुर गांव के एक आर्मी जवान की ड्यूटी के दौरान लद्दाख में मौत हो गई। बताया गया कि जवान की मौत बर्फ पर फिसलने से हुई थी। इनका पार्थिव शरीर आज शुक्रवार गांव पहुंचेगा। जहां पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस की जानकारी के अनुसार, शेरपुर गांव निवासी गुरप्रीत सिंह (32) भारतीय सेना में तैनात थे और वर्तमान समय में वह अन्य आर्मी जवानों के साथ लद्दाख के लेह में अपनी ड्यूटी पर थे।

यहां पर गश्त के दौरान गुरप्रीत सिंह बर्फ पर फिसलकर नहर में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद आर्मी के जवानों ने घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां पर इलाज के दौरान गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई। गुरुवार को आर्मी के जवानों ने गुरप्रीत सिंह के परिवार को उनकी मौत की खबर दी।

आज होगा अंतिम संस्कार

जवान की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मातम पसर गया। गुरप्रीत सिंह के शव की लेह अस्पताल में पोस्टमार्टम कराई जा चुकी है। आज सेना की गाड़ी में गुरप्रीत सिंह का पार्थिव शरीर अंबाला से उनके गांव शेरपुर लाया जाएगा। जहां परिजन और अन्य रिश्तेदार जवान के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान सेना की टुकड़ी गुरप्रीत सिंह के पार्थिव शरीर को सलामी देंगे, जिसके बाद परिजनों द्वारा गुरप्रीत सिंह के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Also Read: गुरुग्राम में 5 साल के बच्चे की मौत, पॉश सोसायटी के स्वीमिंग पूल में डूबा मासूम, लाइफ गार्ड पर लापरवाही का आरोप

दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया

शहीद गुरप्रीत सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी एक बहन है। शहीद जवान अपने पीछे माता-पिता के साथ अपनी पत्नी हरलीन कौर और दो बेटों  सहजवीर सिंह व तेजवीर सिंह को छोड़ गए। गुरप्रीत सिंह के पिता दलीप सिंह ने बताया कि शहीद गुरप्रीत सिंह ने 12 साल पहले भारतीय सेना ज्वाइन की थी। गुरप्रीत 4 जुलाई को ही अपनी छुट्टी खत्म कर लेह गया था, जिसके बाद गुरुवार को उनकी मौत की खबर मिली।