हिसार। सीवरेज समस्या से परेशान भारत नगर निवासियों ने मंगलवार को मिल गेट रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि करीब 6 महीने से सीवरेज समस्या झेल रहे हैं और गंदे पानी से घरों में सदस्य बीमार पडे हैं। जाम के चलते यातायात व्यवस्था को नुकसान हुआ जिससे लोगों को समस्या का सामना करना पडा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुला लिया। जाम की सूचना पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्त के बाद लोगों को मनाने में सफलता मिली।

10 दिन रहने के नाम पर अधिकारियों की बोलती बंद

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को मनाने का प्रयास किया तो उन्होंने कहा कि हम कमरा उपलब्ध करवा देंगे। आप इस माहौल में 10 दिन रह कर दिखा दो हम आपको मान जाएंगे इसके बाद अधिकारियों की बोलती बंद हो गई और सप्ताह में छह दिन मशीन से सफाई करने का भरोसा दिया।

गंदे पानी से हो रही समस्या

भारत नगर के घरों के सामने सीवरेज का गंदा पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना दुभर हो गया है। लोग पूरा दिन बदबूदार माहौल में जीने को मजबूर हैं। गंदे पानी की वजह से मच्छरों की भरमार हो गई है और हर घरों में कोई ना कोई सदस्य बीमार पड़ा है।

पहले भी समाधान के लिए लगा चुके गुहार

जाम के दौरान लोगों ने बताया कि हमारे यहां पिछले छह माह से सीवरेज की समस्या बनी हुई है। सीवर का गंदा पानी घरों के सामने जमा होने से न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। गंदे पानी से बीमारियों फैलने का भी खतरा बना रहता है। अधिकारियों से मंत्रियों तक सभी को समस्या से अवगत करवाया गया, परंतु किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। जिससे हमें यह जाम लगाने जैसा कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ा।