Ambala: हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि पिछली सरकारों ने जिन्हें नजरअंदाज किया, उन लोगों को भारतीय जनता पार्टी ने भारत रत्न से सम्मानित करने का काम किया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया गया है, जो हर्ष का विषय है। उनके किए कार्यों को भाजपा ने समझा और सम्मानित किया।

चौधरी चरण सिंह किसानों के थे बड़े नेता, जीवन भर किसानों के हकों के लिए लड़े 

अनिल विज ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस तो गांधी-नेहरू परिवार से बाहर ही निकल नहीं सकती, लेकिन भाजपा इस प्रकार का कोई भेदभाव नहीं करती कि यह कौन सी पार्टी का है, कौन से धर्म का है, कौन सी जाति का है और किस क्षेत्र का है। अगर वह काबिल और हकदार है तो उसको हक मिलना चाहिए। चौधरी चरण सिंह किसानों के बहुत ही बडे़ नेता थे और उन्होंने जीवन भर किसानों के हकों के लिए संघर्ष किया। उनको भारत रत्न से सम्मानित करना गर्व की बात है।

विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का जवाब दिया जाएगा 

आगामी 20 फरवरी से शुरू होने वाले हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने के संबंध में अनिल विज ने कहा कि विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का जवाब दिया जाएगा, लेकिन विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ भी नहीं हैं। कांग्रेस द्वारा ब्लैक पेपर लाए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि सफेद पेपर उजाले का प्रतीक है और काला पेपर अंधेरे का प्रतीक है। हमारी नीति और शास्त्र कहता है कि तमसो मा ज्योतिर्गमय अर्थात अंधकार से प्रकाश की ओर चलो, बढ़ो। इसलिए कांग्रेस ने जो टोला बना रखा है कुछ लोगों को छोड़कर, जो सर्वविदित है, बाकी सभी को उजाले की तरफ आना चाहिए।