भूना/फतेहाबाद: कंबोज मोहल्ला के वार्ड नंबर 6 की गली में नगर पालिका के अधिकारियों की मौजूदगी में मैनहोल बनाने के लिए काम शुरू किया तो कुछ महिला एवं पुरुषों ने टीम पर हमला कर दिया। लोगों ने टीम के ऊपर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिसमें बुलडोजर का शीशा टूट गया। जब पुलिस कर्मियों ने उन्हें मौके से हटाने के लिए कोशिश की तो तीन कर्मचारियों को दांतों से काट लिया। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गली में निर्माण कार्य करने के दौरान हुआ टीम पर हमला

पुलिस शिकायत में नगर पालिका भूना के कनिष्ठ अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि कंबोज मोहल्ला के वार्ड नंबर 6 की गली में निर्माण कार्य किए जाने को लेकर टेंडर लगा हुआ है। लेकिन उपरोक्त गली में कृष्णा बाई व दर्शना बाई लंबे समय से रुकावट पैदा कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस की मदद से गली का निर्माण कार्य शुरू किया गया। मैनहोल निर्माण के लिए बुलडोजर ने जैसे ही खुदाई की तो विरोधियों ने उन पर ईंट पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। पत्थरबाजी के कारण बुलडोजर का शीशा टूट गया और चालक घायल होते-होते बच गया। पुलिस कर्मियों ने जब पत्थरबाजों को काबू करने का प्रयास किया तो उन्हें भी दांतों से काट लिया। इसलिए तीन कर्मचारियों ने टेटनस के टीके लगवाने पड़े।

सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज

पुलिस ने नगर पालिका सचिव की शिकायत पर कृष्णाबाई, दर्शनाबाई, प्रेम राम, छंगाराम व देशराज के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित कई अपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि वार्ड नंबर 6 में दो महिलाओं सहित पांच लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों द्वारा गली निर्माण किए जाने में रुकावट पैदा की और ईंट पत्थरों से हमला किया। पुलिस ने जेई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।