Bahadurgarh: किसानों को दिल्ली जाने से रोकने तथा सुरक्षा के लिए तैनात किए गए बीएसएफ के दर्जनभर जवानों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी जवानों ने उनको संभाला और बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से कुछ जवानों को दवाई देने के बाद छुट्टी मिल गई तो कुछ को वीरवार की दोपहर तक भर्ती रखा गया। रात के वक्त खाना खाने से जवानों का पेट खराब होने की बात सामने आई है।

किसान आंदोलन के चलते टिकरी बोर्डर किया गया सील

किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद टिकरी बॉर्डर को सील किया गया है। हरियाणा पुलिस द्वारा सेक्टर-9 मोड़ पर भी दिल्ली आने-जाने वाले रास्ते को बेरिकेडिंग और कंक्रीट की दीवार बनाकर बंद किया गया। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस कर्मी व सुरक्षा बलों के जवान तैनात हैं। यहां बीएसएफ के जवानों की भी तैनाती की गई है। एक कंपनी का ठहराव राजकीय कन्या महाविद्यालय में किया गया था। बताते हैं कि यहां बीएसएफ जवानों ने रात्रि भोजन किया।

रात को खाना खाने के बाद पेट में उठा दर्द

सुरक्षा में तैनात जवानों ने बताया कि रात को उन्होंने खाना खाया था। इसके कुछ देर बाद उनका स्वास्थ्य गड़बड़ाने लगा और 11 जवानों को पेट में खराबी की शिकायत हुई। सुबह तक जब आराम नहीं हुआ तो साथी जवान उन्हें नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां कुछ जवानों को दवाई दी गई, जबकि छह जवानों को भर्ती कर लिया गया। उनके अधिकारी भी हाल चाल जानने के लिए अस्पताल में पहुंचे। दोपहर बाद सभी की सेहत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई। जिसके बाद उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।