Kurukshetra : हरियाणा के राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की ओर से रेटिंग जारी की गई है, जिसमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को ए-प्लस-प्लस ग्रेड दिया गया है। इसी के साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश के शीर्ष संस्थानों में शामिल हो गया है। हरियाणा राज्य के 21 सरकारी विश्वविद्यालयों की सूची में कुरुक्षेत्र विवि पहला विश्वविद्यालय बना है, जिसे नैक द्वारा ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्रदान किया गया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इतिहास में यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। सात पहलुओं पर नैक टीम ने निरीक्षण किया था, जिसमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को अधिकतर में अच्छे अंक मिले हैं।

विश्वविद्यालय विभिन्न क्षेत्रों में किया बेहतर प्रदर्शन

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने अकादमिक, शोध, अनुसंधान, सांस्कृतिक क्षेत्र, खेल, एवं विभिन्न उपलब्धियों के आधार पर हुए मूल्यांकन में बेहतर प्रदर्शन किया। विभागवार प्रगति रिपोर्ट, छात्रावास, प्रशासनिक कार्यालय, शैक्षणिक सुविधाएं, विश्वविद्यालय शिक्षा एनईपी-2020, अनुसंधान और नवाचार में बेहतर सुविधाएं विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गई। विश्वविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के संदर्भ में उठाए गए कदम, विश्वविद्यालय में देश व विदेशों के कोने-कोने से स्टूडेंट्स का प्रवेश, पेटेंट, एमओयू, उच्च स्तर की वैज्ञानिक प्रयोगशालाएं, दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र, पुस्तकालय, ऑयन बीम सेंटर, हेल्थ सेंटर, धरोहर हरियाणा संग्रहालय, रूसा, विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम, वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम, प्रत्येक मंगलवार को नो व्हीकल डे, ग्रीन कैम्पस व पर्यावरण को सुरक्षित रखने के पॉइंट्स ने नैक टीम को काफी प्रभावित किया।

उच्चतम ग्रेड मिलने का कुलाधिपति को जाता है श्रेय 

विवि के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने नैक का उच्चतम ग्रेड प्राप्त होने व इस बड़ी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय के मार्गदर्शन व कुशल नेतृत्व को दिया। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का निरीक्षण 13 से से 15 सितम्बर के बीच में किया गया था। नैक की टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विभागों द्वारा संचालित हो रहे तरह-तरह के प्रोग्राम, एलुमनाई एसोसिएशन, शिक्षकों और स्टूडेंट्स से इंटरेक्शन करते हुए विश्वविद्यालय को लेकर जानकारी ली थी। इसमें टीम द्वारा विश्वविद्यालय के एकेडमिक्स, अनुसंधान, खेल शोध समेत अन्य चीजों के बारे में जानकारी ली थी। इसके आधार पर कुवि को सबसे उच्चतम ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्रदान किया गया है।