Logo
भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी के धर्मवीर सिंह कांग्रेस के राव दान से आगे चल रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह को किरण चौधरी की नाराजगी से नुकसान हुआ है।

Bhiwani Mahendragarh Lok Sabha Seat Result: हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटों पर वोटों की गिनती आज (4 जून) सुबह 8 बजे से शुरू हो गई। प्रदेश की भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी के धर्मवीर सिंह, कांग्रेस के राव दान सिंह और जननायक जनता पार्टी के बहादुर सिंह के बीच मुकाबला है। इस सीट पर कुल 17 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को किरण चौधरी की नाराजगी से खासा नुकसान होता दिख रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान किरण चौधरी और राव दान के बीच खूब तनातनी भी देखने को मिली थी।

कांग्रेस के राव दान सिंह पीछे

हरियाणा में भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर बीजेपी के धर्मवीर सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर कांग्रेस के राव दान सिंह हैं। बीजेपी और कांग्रेस के बीच 24,431 वोटों का अंतर है। फिलहाल अभी काउंटिंग जारी है। ऐसे में कुछ देर में यह भी साफ हो जाएगा कि बीजेपी के धर्मवीर सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस को मात दी है या नहीं।

राव दान सिंह को किरण चौधरी की नाराजगी से नुकसान

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह और किरण चौधरी के बीच टिकट फाइनल होने के बाद से ही तनातनी दिखी। चरखी दादरी में राहुल गांधी के सामने भी किरण चौधरी और राव दान सिंह एक दूसरे पर अंगुली दिखाते बात करते नजर आए। दरअसल, कांग्रेस ने पहले महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा सीट से किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी का टिकट काट दिया। इसके बाद पार्टी ने किरण चौधरी को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी शामिल नहीं किया। हालांकि, बाद में उन्हें स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी शामिल किया गया, लेकिन किरण चौधरी खासी नाराज चल रही थीं।

हमारी राजनीति खत्म करने की कोशिश- किरण

किरण चौधरी ने राव दान सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर हमला बोला था। उन्होंने पार्टी नेताओं पर अपनी और बेटी श्रुति चौधरी की बार-बार बेइज्जती करने का आरोप लगाया था। किरण चौधरी ने पार्टी नेताओं पर आरोप लगाया था कि हमें पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना नहीं दी जा रही। पार्टी के नेता हमारे फोन नहीं उठा रहे। उन्होंने कहा था कि इस अनदेखी का खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ सकता।

बता दें कि हरियाणा में भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर 25 मई को वोटिंग हुई थी। इस सीट पर 65.5 प्रतिशत वोटरों ने अपना वोट डाला है। वहीं, इस बार 2019 के मुकाबले 5 प्रतिशत वोटिंग कम हुई थी। 2019 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के धर्मबीर सिंह ने कांग्रेस की श्रुति चौधरी को हराया था।

5379487