Bhupendra Singh Hooda बोले: लाठी व गोली के दम पर सरकार चला रही बीजेपी-जेजेपी

Former CM Bhupendra Singh Hooda addressing the workers
X
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ी देश की शान हैं। उन्हें न्याय के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है। भाजपा व जजपा लाठी व गोली के दम पर सरकार चला रही हैं।

Karnal : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ी देश की शान हैं। उन्हें न्याय के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है। जबकि सरकार को खुद आगे आकर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। लेकिन सत्ता में बैठे लोग आरोपियों का बचाव कर रहे हैं। हरियाणा की बीजेपी-जेजेपी सरकार मूकदर्शक बनी तमाशा देख रही है। भाजपा के राज में हर वर्ग परेशान है और हर वर्ग पर लाठियां बरसा चुकी है। लाठी व गोली के दम पर भाजपा व जजपा सरकार चला रही है, जिसे बाहर करने का समय आ गया है।

हरियाणा के हितों की अनदेखी कर रही सरकार

उन्होंने एसवाईएल के मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार लगातार हरियाणा के हितों की अनदेखी कर रही हैं। प्रदेश को उसके हक का पानी दिलवाने के लिए सरकार गंभीर नहीं है। लोकतंत्र में लोगों का दिल जितने से सरकारें चलती हैं, लेकिन भाजपा व जजपा लाठी के दम पर सरकार को चला रही है। उन्होंने कहा कि सभी नेता लगातार जनता के बीच में हैं। जब तक प्रदेश को भाजपा व जजपा के अत्याचारों से मुक्ति नहीं दिला देंगे, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।

भूपेंद्र हुड्डा ने फिर गिनवाए चुनावी मुद्दे

पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जब तक हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध, नशे, कर्ज और जनता पर अत्याचार में नंबर वन बनाने वाली सरकार को उखाड़ कर नहीं फेंक देंगे, तब तक कांग्रेसी चैन की सांस नहीं लेंगे। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर 500 रुपए में सस्ता गैस सिलेंडर देकर गृहणियों को महंगाई से, 2 लाख खाली पदों को भरकर युवाओं को बेरोजगारी और क़ानून व्यवस्था को मजबूत कर जनता को अपराध से मुक्ति देने का काम करेंगे। गरीबों को 100-100 गज़ के प्लॉट व मकान देने की योजना को फिर से शुरू की जाएगी। कर्मचारियों को ओपीएस, 300 यूनिट बिजली फ्री, बुजुर्गों को 6000 रुपए पेंशन का लाभ दिया जाएगा।

कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी

उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वो पार्टी की रीढ़ हैं। अब तक हुए पार्टी के तमाम कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने जी-तोड़ मेहनत की है। उन्होंने कार्यकर्ताओ को जंगी फ़ौज कहकर पुकारा तो जोश में कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर लड़ाई साथ लड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष 2024 में कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी-जेजेपी की नाकामियों, वादाखिलाफी और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर व जन-जन तक पहुंचाएंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story