Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने भी अभी से तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा में कांग्रेस और आप ने इंडिया गठबंधन के तहत लोकसभा चुनाव लड़ा था। अब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने साफ कर दिया कि वह अकेले चुनाव लड़ेगी।

हरियाणा विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी कांग्रेस- हुड्डा

हरियाणा में विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अलेके मैदान में उतरेगी। विधानसभा में आप के साथ गठबंधन नहीं किया जाएगा। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस का विधानसभा चुनावों के लिए आप के साथ कोई गठबंधन नहीं है। गठबंधन केवल लोकसभा चुनावों के लिए हुआ था। बता दें कि हरियाणा में कुल 90 विधानसभा सीट हैं। यहां इस साल के अंत में ही विधानसभा चुनाव होना है।

आम आदमी पार्टी ने दिया ये जवाब

इस संबंध में आम आदमी पार्टी का कहना है कि कांग्रेस के साथ हरियाणा में अभी गठबंधन नहीं तोड़ा गया। पार्टी का कहना है कि गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए था, लेकिन इसको लेकर फैसला आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल करेंगे।

दिल्ली में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी आप और कांग्रेस

बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस से गठबंधन तोड़ दिया है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान भी कर दिया था। आप नेता गोपाल राय ने कहा था कि कांग्रेस के साथ गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए था। विधानसभा चुनाव हम अकेले लड़ेंगे। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने ये फैसला ऐसे समय लिया है जब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।