Logo
हरियाणा में कांग्रेस नेताओं ने बैठक कर निर्णय लिया कि 15 जनवरी से घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसका मकसद हर घर और हर वोटर तक कांग्रेस की नीतियों व सरकार की नाकामियों को पहुंचाना रहेगा।

Haryana: हरियाणा में 15 जनवरी से घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इसका मकसद हर घर और हर वोटर तक कांग्रेस की नीतियों व सरकार की नाकामियों को पहुंचाना है। यह निर्णय कांग्रेस की चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पार्टी विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता और कांग्रेस वॉलिंटियर्स शामिल हुए।

चुनावी मोड में कार्य कर रही कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया ने बताया कि हरियाणा कांग्रेस लगातार चुनावी मोड में कार्य कर रही है। 14 तारीख से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होने जा रही है। इसे भी भारत जोड़ो यात्रा की तरह ऐतिहासिक समर्थन मिलने की उम्मीद है। ठीक इसके अगले दिन हरियाणा कांग्रेस की तरफ से नए अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी। इससे पहले लगातार पार्टी द्वारा जन आक्रोश रैलियां हो रही हैं, जिनको जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब हर घर कांग्रेस अभियान के जरिए वोटर्स से वन टू वन संवाद स्थापित किया जाएगा।

प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस की हवा स्पष्ट महसूस की जा सकती है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मेवात और पानीपत में कांग्रेस ने रिकॉर्ड तोड़ रैलियां की। हाल ही में सिरसा में की किसान मजदूर जन आक्रोश रैली ने भीड़ के मामले में तमाम रैलियों को पीछे छोड़ दिया। जनता के सामने बीजेपी-जेजेपी की कारगुजारियां उजागर हो चुकी हैं। कांग्रेस ने हरियाणा को प्रति व्यक्ति आय, निवेश, रोजगार देने, कानून व्यवस्था, विकास और खुशहाली में नंबर वन बनाया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, नशे, भ्रष्टाचार और अत्याचार में प्रदेश को नंबर बना दिया। जींद से वो खुद, नारनौल में चौधरी उदयभान और रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान की शुरुआत करेंगे।

भाजपा जजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे लोग

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सत्ता में होने के बावजूद भाजपा-जेजेपी के नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और विपक्ष में होने के बावजूद लगातार कांग्रेस में ताबड़तोड़ जॉइनिंग हो रही हैं। अब तक अन्य दलों से 37 पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। यह पार्टी की सक्रियता का नतीजा है, क्योंकि पिछले साढ़े चार साल में कांग्रेस ने एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है। प्रत्येक वर्ग के संघर्ष में कांग्रेस साथ खड़ी नजर आई है। हरियाणा ने हमेशा इतिहास रचा है। चाहे किसान हो या पहलवान, हरियाणवियों के संघर्ष के आगे हमेशा सरकार को झुकना पड़ा है।

5379487