cyber crime in haryana : हरियाणा पुलिस द्वारा लोगों को साइबर ठगों के चंगुल से बचाने के लिए तैयार की गई प्रभावी रणनीति के उल्लेखनीय परिणाम आने शुरू हो गए हैं। जनवरी-2024 की तुलना में जनवरी-2025 में साइबर ठगों द्वारा ठगी गई राशि में 14 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। इतना ही नही, हरियाणा पुलिस द्वारा पिछले वर्ष की तुलना में जनवरी-2025 में 433 अधिक साइबर ठगों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता प्राप्त की गई है। वहीं, आम लोगों के 268 करोड़ रुपये साइबर अपराधियों से बचाए गए हैं।
जनवरी माह में 571 आरोपी पकड़े, 440 दूसरे राज्यों से लाई पुलिस
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के चलते जनवरी-2024 में 86.18 करोड़ रुपये की ठगी गई राशि की अपेक्षा इस वर्ष यह राशि घटकर 72.84 करोड़ रुपये रही। हरियाणा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप जनवरी-2024 की तुलना में जनवरी-2025 में साइबर ठगों से बचाई गई राशि में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हरियाणा पुलिस ने जनवरी-2025 में 4 गुना से भी अधिक अपराधियों की गिरफ्तारी की है। हरियाणा पुलिस द्वारा जनवरी-2024 में जहां 138 साइबर आरोपी गिरफ्तार किए गए थे वहीं जनवरी-2025 में 571 आरोपी पकड़े हैं। इनमें 130 आरोपी हरियाणा तथा 441 आरोपी अन्य राज्यों के शामिल हैं।
हररोज औसतन 14 साइबर ठग गिरफ्तार कर रही पुलिस
हरियाणा पुलिस द्वारा वर्ष-2024 में साइबर ठगों के चंगुल से लगभग 268.40 करोड़ रुपये की राशि बचाई है जबकि वर्ष-2023 में यह राशि केवल 76.85 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार साइबर अपराधियों से वर्ष-2023 की तुलना में वर्ष-2024 में तीन गुना तथा वर्ष 2022 की तुलना में पांच गुना अधिक राशि बचाई गई। इसी प्रकार, वर्ष-2022 में साइबर अपराधियों के खिलाफ जहां 2165 मुकद्दमे दर्ज किए गए थे वहीं वर्ष-2023 में 2747 मुकद्दमे तथा वर्ष-2024 में 5511 मुकद्दमे दर्ज किए गए हैं। इसी प्रकार, हरियाणा पुलिस द्वारा वर्ष-2022 में 1078, वर्ष-2023 में 1909 तथा वर्ष-2024 में 5156 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। वर्ष-2024 में गिरफ्तार किए गए अपराधियों में से 70 प्रतिशत (3555 अपराधी) अन्य राज्यों के रहने वाले हैं। वर्ष-2024 में हरियाणा पुलिस द्वारा रोजाना औसतन 14 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं।
साइबर ठगों से 95 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई
हरियाणा पुलिस के के परिणामस्वरूप वर्ष 2023 में जहां साइबर फ्रॉड पीड़ितों को 33 करोड़ रुपये रिफंड किए गए थे, वहीं वर्ष 2024 में यह राशि नवंबर तक बढ़कर 95 करोड़ 45 लाख 14359 रुपये (करीब तीन गुना) हो गई है।
इस वजह से पूरे देश में नंबर वन हुई हरियाणा पुलिस
हरियाणा पुलिस सितंबर 2023 तक देशभर में साइबर फ्रॉड की ब्लॉक की गई राशि की दर के मामले में देश में 23वें स्थान पर थी, लेकिन अब यह पहले स्थान पर पहुंच गई है। इस उपलब्धि और साइबर हेल्पलाइन 1930 के कुशल क्रियान्वयन के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री, भारत सरकार अमित शाह द्वारा हरियाणा पुलिस को 10 सितंबर 2024 को सम्मानित भी किया। हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर किए गए इन कार्यों के परिणामस्वरूप साइबर फ्रॉड में ब्लॉक की गई राशि की दर व साइबर थानों द्वारा की जा रही रिकवरी जो सिंतबर-2023 में 7 प्रतिशत थी वह दिसंबर-2024 में बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है जोकि देशभर में सर्वाधिक है। इतना ही नही, अगर कोई शिकायतकर्ता साइबर फ्रॉड होने के 6 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज करवाता है तो ठगी गई राशि को 70 प्रतिशत तक ब्लॉक किया जा रहा है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है।
पुलिस कभी नहीं करती डिजिटल अरेस्ट, सतर्क रहें
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि तकनीक के इस दौर में ज्यादातर लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं। यदि कोई भी व्यक्ति फोन करके स्वयं को सीबीआई, ईडी या पुलिस का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट की बात कहे तो तुरंत सतर्क हो जाएं क्योंकि कोई भी एजेंसी डिजिटल अरेस्ट नही करती है। इसके साथ ही लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाले फर्जी शेयर ट्रेडिंग के झांसे में न आएं। निवेश करने से पूर्व कंपनी तथा वेबसाइट की आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें। इसके साथ ही लोग विदेशों खासतौर पर कंबोडिया, पाकिस्तान, श्रीलंका आदि से आने वाली व्हाट्सएप वीडियो व ऑडियो कॉल को ना उठाएं। लोग टेलीग्राम व गूगल आदि पर आने वाले फर्जी विज्ञापनों से सावधान रहें।