हुड्डा के गढ़ में गरजे बिप्लब देब: जनता को सम्मान मोदी दे सकते हैं, राहुल व हुड्डा नहीं

BJP state in-charge Biplab Deb addressing a meeting organized in village Sanghi
X
भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिपल्ब देब गांव सांघी में आयोजित सभा में संबोधित करते हुए।
भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि हरियाणा की जनता को रोटी से पहले सम्मान चाहिए, प्रदेश की जनता को सम्मान केवल मोदी ने दिया, राहुल गांधी और हुड्डा ने नहीं।

Rohtak: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में गरजे। बिप्लब देब ने हुड्डा के गांव सांघी में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा में कहा कि रोहतक की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही तीसरी बार प्रधानमंत्री देखना चाहती है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को घर में घेरते हुए कहा कि हरियाणा की जनता को रोटी से पहले सम्मान चाहिए और प्रदेश की जनता को सम्मान केवल मोदी ने दिया, राहुल गांधी और हुड्डा ने नहीं। विकसित भारत संकल्प यात्रा में रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने मोदी-मनोहर सरकार की योजनाओं को जनता के सामने रखा।

मोदी के नाम से ठंड में भी जोश व ऊर्जा का हो रहा संचार

भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि मोदी के नाम से ही इस ठिठुरती ठंड में नई उर्जा और जोश तथा गर्मी का संचार होता है, जबकि राहुल गांधी के नाम से ही मुर्छा आ जाती है। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा के शासनकाल में यहां 12-12 फूट के गड्ढे होते थे ताकि कोई दूसरी पार्टी के नेता यहां नहीं पहुंच सके। हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं, हमें यहां आने से कोई गड्ढा, नदी, नाला, पहाड़ नहीं रोक सकता। यह कांग्रेस का शासन नहीं है, अब मोदी सरकार है और नागरिकों को अधिकार मांगने की जरूरत नहीं है। सभी लोगों को अधिकार स्वतः मिल रहे हैं।

किसानों का प्रदेश है हरियाणा

भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा किसानों का प्रदेश है। हरियाणा दूसरे प्रदेशों को अनाज देता है। हरियाणा के लोगों को अगर कुछ चाहिए तो वह सम्मान चाहिए। उन्होंने सांघी गांव के लोगों से सवाल करते हुए कहा कि आप लोग बताएं कि आपको सम्मान पहले चाहिए या रोटी? जनता की तरफ से आवाज आई पहले सम्मान चाहिए। यह सुनकर बिप्लब कुमार देब ने कहा कि यह सम्मान आप लोगों को राहुल गांधी व हुड्डा नहीं, सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी ही दिला सकते हैं।

हुड्डा को ललकारा, सांघी गांव के लोगों को सम्मान चाहिए

बिप्लब कुमार देब ने राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ललकारते हुए कहा कि सांघी गांव के लोगों को सम्मान चाहिए। हरियाणा के लोग रोटी कम खा लेंगे, लेकिन देश और प्रदेश के सम्मान को कम नहीं होने देंगे। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता में जो सम्मान है उसका परिणाम सांसद अरविंद शर्मा है, जिसे यहां की जनता ने आशीर्वाद देकर संसद में भेजा, क्योंकि रोहतक की जनता चाहती है कि देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही रहे। राहुल बाबा और हुड्डा साहब आप भी यहां की जनता की आवाज सुन लें, अब यहां आप लोगों की कुछ नहीं चलने वाली। अब यहां पर प्रधानमंत्री मोदी की ही चलने वाली हैं, क्योंकि यहां अब सब मोदी के ही चाहने वाले हैं।

राहुल गांधी जनता की नहीं सुनते, भाजपा जनता की सुनने वाली पार्टी

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए बिपल्ब देब ने कहा कि जब राहुल गांधी भाषण देते हैं तो वे कुछ भी बोल देते हैं, जनता का वे ध्यान नहीं रखते। जबकि भाजपा जनता की बात सुनने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जैसे आप लोगों ने पिछली बार मोदी का साथ दिया, वैसा ही साथ अब देना है। 2024 चुनाव में मोदी के साथ खड़े रहना है। उन्होंने कहा कि साढ़े 9 सालों में मोदी-मनोहर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीबों और वंचितों को सबल बनाया है। मोदी की गारंटी की गाड़ी योजनाओं को शत प्रतिशत लोगों तक पहुंचाने के लिए निकली है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story