Sonipat: गांव कुमासपुर के पास स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में पूर्व सिक्योरिटी गार्ड के ब्लाइंड मर्डर से पर्दा उठाते हुए बहालगढ़ थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं के गांव नगला निवासी दीपक है। वह फिलहाल बहालगढ़ क्षेत्र में किराए पर रहता था। उसे शक था कि पूर्व सिक्योरिटी गार्ड उसकी पत्नी से बातचीत करता है। इसके चलते वारदात को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।

28 मार्च को कुमासपुर के पास मिला था शव

उत्तर प्रदेश के जिला बरेली के गांव तेजगांव निवासी इमरान अली का शव 28 मार्च को कुमासपुर के पास स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में लहूलुहान हालत में मिला था। गांव शाहपुर तुर्क निवासी विकास ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया था कि एक साल पहले वह कमांडो सिक्योरिटी में काम करते थे। उस दौरान उनकी पहचान इमरान अली से हुई थी। इमरान बहालगढ़ में किराए पर रहते थे। उन्होंने बाद में कमांडो कंपनी छोड़कर अपनी खुद की सिक्योरिटी कंपनी बना ली थी। जिसके बाद इमरान उनके पास कई लोगों को नौकरी पर लगवा चुका था, जिससे उनकी दोस्ती हो गई थी। वह 28 मार्च को सुबह देवीलाल पार्क में घूमने गए तो वहां इमरान अली का शव पड़ा मिला था। उनकी सिर में पत्थर मारकर हत्या की गई थी। उनके चेहरे पर भी वार किए गए थे। बहालगढ़ थाना पुलिस ने विकास के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।

पत्नी से बातचीत के शक में की इमरान की हत्या

बहालगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव की टीम ने आरोपित दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पता लगा कि दोनों पहले एक साथ सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। जिसके चलते उनके एक-दूसरे के यहां आना-जाना था। दीपक को शक था कि इमरान उसकी पत्नी से बातचीत करता है। इसी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। उसने उसे पार्क में बुलाया था। जहां उसने इमरान अली की हत्या कर दी थी।