यमुनानगर/अंबाला। मुख्यमंत्री नायब सैनी में यमुनानगर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ की राजनीति की है। लोकसभा चुनावों में भी 8500 रुपये महिने देने का झूठा लालच देकर लोगों को ठगा। अब लोग कांग्रेस नेताओं के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। अब समय आ गया है कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव व घर-घर जाकर कांग्रेस के चेहरे पर लगे झूठ के नकाब को उतारे। जिसके बाद विधानसभा में प्रदेश की जनता कांग्रेस की झूठी दुकान पर एक बार फिर ताला लगा देंगी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अभी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने जाने का मंत्र दिया तो जायज काम के लिए आने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने वाले अफसरों को भी चेताया।  

वोटबैंक के लिए बिगाड़ा भाईचारा

प्रदेश में बेरोजगारी के मुद्दों पर लोगों को बरगला रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो अपने 10 साल के कार्यकाल में दी गई सरकारी नौकरियों पर श्वेत पत्र जारी करें। कांग्रेस ने सत्ता के लिए हमेशा देश व प्रदेश को जाति व धर्म के नाम पर हिंसा में धकेलने का काम किया। वोट बैंक के लिए कांग्रेस ने प्रदेश में भाईचारे को बिगाड़ा। एक बार फिर सत्ता के लिए कांग्रेस वैसा ही खेल खेल सकती है। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के ऐसे किसी भी खेल को नाकाम करने के लिए हमेशा तैयार रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनान तय है, बस कार्यकर्ता अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।

मोदी के रूप में मिला मजबूत नेतृत्व 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ऐसा नेता मिला है, जो निरंतर लोगों की भलाई के लिये प्रधान सेवक के रूप में कार्य कर रहा है। जनता से 8500 रुपये हर महिने देने का झूठा लालच देकर व अपने विरोधियों के साथ गठजोड़ करके भी कांग्रेस मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक पाई। कांग्रेस ने सबसे ज्यादा बार संविधान को बदलकर लोकतंत्र को अपमानित किया है।  पूरे विश्व में प्रधानमंत्री मोदी की छवि एक सशक्त नेता के रूप में उभरी है। तीसरी बार प्रधानमंत्री की कुर्सी संभालते ही पहला कार्य 20 हजार करोड़ रुपये की राशि किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में डालने का काम किया है। 

भाजपा ने दी बिना खर्ची व पर्ची की सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्ची व पर्ची की सरकार दी है। पूर्व सीएम हुड्डा को निशाने साधते हुए कहा कि 2008 में हुड्डा ने हर घर से नौकरी देने का वादा करके लिस्ट बनाई, लकिन किया कुछ नहीं। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री को चुनौती देने हुए कहा कि वह अपने 10 साल के कार्यकाल में दी नौकरियों पर श्वेत पत्र जारी करें और बताए कोर्ट ने क्या निर्णय दिया, हम भाजपा सरकार के कार्यकाल पर श्वेत पत्र जारी करने को तैयार है। 

अब केवल यूनिट के आधार पर आएगा बिल 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में दो किलोवाट तक बिल केवल बिजली यूनिट का ही आएगा। छोटे बिजली उपभोक्ताओं को अब मासिक जार्च नहीं देना होगा। भाजपा सरकार ने प्रदेश के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए यह पहल की है। भाजपा कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं के बारे में जागरूक करें और कांग्रेस के झूठ के नकाब को हटाएं।